दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में खेले गए मैच में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी-20 में अपनी पहली जीत दर्ज की। भारत ने किवी टीम को 53 रनों से हराया। मेहमान टीम ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी का आमंत्रण दिया जो उसके लिए उलटा साबित हुआ। रोहित शर्मा (80) और शिखर धवन (80) ने पहले विकेट के लिए 158 रनों की रिकार्ड साझेदारी करते हुए भारत को 20 ओवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 202 रनों का विशाल स्कोर प्रदान किया।
भारत की तरफ से हार्दिक पांड्या नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे और खाता खोले बिना आऊट हो गए। वहीं पांचवें नंबर पर उतरे धोनी ने सिर्फ दो गेंदों का सामना किया। धोनी ने पहली गेंद पर ही इतना तेज छक्का मारा कि गेंद सीधे सीमा रेखा के पार जाकर गिरी। शॉट खेलने के बाद धोनी कोहली से बात करते हुए नजर आए जिसमें वो शायद उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे थे कि उन्हें विश्वास नहीं था कि गेंद इतनी दूर जाकर गिरेगी। कोहली 11 गेंदों में तीन छक्के लगाकर 23 रन बनाकर नाबाद लौटे। धौनी एक छक्के की मदद से सात रनों पर नाबाद रहे।
भारतीय टीम द्वारा दिए गए विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम ने 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 148 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ भारत ने तीन-टी-20 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली है। अपने आखिरी मैच में नेहरा एक भी विकेट नहीं ले सके। उन्होंने चार ओवरों में 29 रन दिए। नेहरा ने इस मैच में पहला और आखिरी ओवर डाला।