Tuesday, November 28, 2023
featured

श्रीलंका को लगा बड़ा झटका, कप्तान एंजेलो मैथ्यूज पहले मैच से हो सकते हैं बाहर

SI News Today

चैम्पियंस ट्रॉफी में श्रीलंका के पहले मैच में कप्तान एंजेलो मैथ्यूज के खेलने पर संशय जताया जा रहा है। मैथ्यूज पैर के निचले हिस्से में लगी चोट की समस्या से जूझ रहे हैं। इस टूर्नामेंट में श्रीलंका का पहला मैच तीन जून को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होगा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले मैच में अगर मैथ्यूज टीम के साथ मैदान पर नहीं उतर पाते हैं, तो टीम की कमान उप-कप्तान उपुल थारंगा को सौंपी जाएगी।

मांसपेशियों में दर्द का समस्या के कारण मैथ्यूज ने इस साल जनवरी के बाद से किसी भी अंतर्राष्ट्रीय मैच में हिस्सा नहीं लिया है। पैर में लगी चोटों के कारण वह जिम्बाब्वे में हुई त्रिकोणीय सीरीज भी नहीं खेल पाए थे। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मैथ्यूज ने दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद टीम प्रबंधन ने कप्तान मैथ्यूज के स्वास्थ्य की जांच की।

इस जांच के परिणाम के बाद यह सामने आया कि मैथ्यूज को मांसपेशियों में दर्द की समस्या है। विज्ञप्ति में कहा गया, “वह अगले कुछ दिनों में पूरी तरह से ठीक हो जाएंगे, लेकिन हो सकता है कि ग्रुप-स्तर पर खेले जाने वाले पहले मैच में मैथ्यूज मैदान पर न उतर पाएं।” चैम्पियंस ट्रॉफी के पहले ही मैच में मैथ्यूज का शामिल न होना श्रीलंका टीम के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच के लिए भी मैदान पर नहीं उतरे थे। भारत और श्रीलंका दोनों टीमें एक ही ग्रुप में शामिल हैं।

श्रीलंका : एंजलो मैथ्यूज (कप्तान), उपुल थरंगा, निरोशन डिकवेला, कुशल मेंडिस, कुशल परेरा, चमारा कपुगेदरा, असेला गुनारत्ने, दिनेश चांडीमल, लसिथ मलिंगा, सुरंग लकमल, नुवान कुलशेखरा, नुवान प्रदीप, थिसारा परेरा, लक्षण संदकन, सिकुगे प्रसन्ना।

टीमों को दो ग्रुप में इस प्रकार बांटा गया है :-
ग्रुप ए – ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड।
ग्रुप बी – भारत पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका।

बता दें कि चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत 1998 में हुई थी। इसके पहले संस्करण को दक्षिण अफ्रीका ने जीता था। वहीं 2000 में न्यूजीलैंड, जबकि 2002 में भारत और श्रीलंका इसका विजेता रहा था। ये मैच दो दिन खेला गया और दोनों ही बार बारिश के चलते मैच पूरा नहीं हो सका था। इसके अलावा 2004 में वेस्टइंडीज, 2006 और 2009 में ऑस्ट्रेलिया, जबकि 2013 में भारत इसका विजेता रहा है। भारत और ऑस्ट्रेलिया ही ऐसी दो टीमें हैं जिनके नाम दो बार ये खिताब हो चुका है।

SI News Today

Leave a Reply