बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह के फैन्स शुक्रवार शाम उस वक्त हंसते-हंसते लोटपोट हो गए जब उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट की। इस वीडियो में उन्होंने 19 के दशक के मशहूर एक्टर गोविंदा और एक्ट्रेस करिश्मा कपूर को ट्रब्यूट दिया है। वीडियो में रणवीर गोविंदा की तरह खटिया पर डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो कैप्शन में उन्होंने लिखा- योलो सो लोलो। ये वीडियो करिश्मा को इतना अच्छा लगा कि उन्होंने इसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर भी किया है। इतना ही नहीं जब रणवीर और करिश्मा एक एयरपोर्ट पर किस्मत से मिले तो उन्होंने वहां पर भी इसी गाने पर एक वीडियो शूट किया। इस वीडियो को भी रणवीर ने अपने इंस्टग्राम अकाउंट से शेयर किया है।
रणवीर द्वारा पोस्ट किए गए पहले वीडियो को 12 घंटे में 6 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा और लाइक किया है और दूसरे वीडियो को भी 8 घंटे में 6 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा है। बता दें कि रणवीर इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म पद्मावती से जुड़े कामों में बिजी हैं। फिल्म में वह अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका निभाते नजर आएंगे। इसके लिए उन्होंने अपनी दाढ़ी भी काफी बढ़ा ली थी जिसके बाद कुछ ही दिनों पहले उन्होंने इसे ट्रिम कराया है। साथ ही रणवीर ने इस रोल के लिए काफी मसल्स भी बनाए थे। फिल्म में उनके साथ दीपिका पादुकोण होंगी जो कि रानी पद्मिनी का किरदार निभाएंगी। इतना ही नहीं शाहिद कपूर भी इस फिल्म में नजर आएंगे जो कि राजा रावल रतन सिंह का रोल प्ले करेंगे।
फिल्म की कहानी को लेकर शुरू में काफी विवाद हुआ था। जयपुर में जब फिल्म की शूटिंग शुरू हुई तो फिल्म के निर्देशक संजय लीला भंसाली पर कथित करणी सेना नामक दल से हमला कर दिया था। इसके बाद एक बार एक बार सेट पर आग भी लगा दी गई। असल में कुछ समूहों को यह आपत्ति थी कि निर्देशक फिल्म में रानी पद्मिनी के कुछ आपत्तिजनक दृष्य दिखाएंगे। हालांकि बाद में संजय ने साफ किया कि फिल्म में ऐसा कुछ भी नहीं दिखाया जा रहा है।