इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के सीजन 11 के लिए इस वक्त खिलाड़ियों की नीलामी जारी है। नीलामी के दूसरे दिन रविवार यानी आज जयदेव उनादकट सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हुए। उन्नादकत के ऊपर 11 करोड़ 50 लाख रुपए की बोली लगी। जयदेव को राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा। उनादकट के लिए बोली लगने की प्रक्रिया काफी दिलचस्प रही। उन्हें किंग्स इलेवन पंजाब और चेन्नई सुपरकिंग्स दोनों ही फ्रेंचाइसी खरीदना चाह रही थीं, लेकिन आखिरी में राजस्थान ने उन्हें खरीद लिया।
दरअसल जयदेव का बेस प्राइस 1 करोड़ 50 लाख रुपए था। पंजाब और चेन्नई दोनों ही उन्हें खरीदना चाह रही थीं। दोनों के बीच जयदेव को लेकर बोली लगते गई। देखते ही देखते जयदेव का प्राइस 11 करोड़ रुपए हो गया। पंजाब जयदेव को 11 करोड़ में खरीदने ही वाला था कि बीच में ही राजस्थान ने इस प्रक्रिया को बाधित करते हुए 11 करोड़ 50 लाख रुपए की बोली लगा दी और जयदेव को खरीद लिया। राजस्थान ने ट्विटर पर जयदेव उन्नादकत को खरीदने की जानकारी देते हुए बहुत ही स्पेशल जीआईएफ पोस्ट किया।
बता दें कि जयदेव के अलावा हरफनमौला कुणाल पंड्या आईपीएल के इतिहास में सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बने। उन्हें मुंबई इंडियन्स ने 8.8 करोड़ रुपए में खरीदा। दूसरे दिन उनादकट सबसे महंगे खिलाड़ी बने तो वहीं पहले दिन यानी शनिवार को इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी बने। स्टोक्स को भी राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा। राजस्थान ने इंग्लैंड के खिलाड़ी को 12.50 करोड़ रुपए में खरीदा। इसके अलावा पहले दिन मनीष पांडे और केएल राहुल सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी साबित हुए। पांडे को सनराइजर्स हैदराबाद ने 11 करोड़ रुपए में खरीदा तो वहीं राहुल को भी पंजाब ने 11 करोड़ रुपए में ही खरीदा। वहीं पहले दिन 1 करोड़ रुपये बेस प्राइस वाले संजू सैमसन को राजस्थान ने 8 करोड़ में खरीदा। केदार जाधव को चेन्नई सुपरकिंग्स ने नीलामी के पहले दिन 7.8 करोड़ में खरीदा। इनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपए था। इस बार चेन्नई ने आर अश्विन के लिए कोई बोली नहीं लगाई थी, अश्विन को किंग्स इलेवन पंजाब ने सात करोड़ 60 लाख में खरीदा।