सलमान खान ऐसे एक्टर हैं जिनकी फिल्म का उनके फैंस को बेसब्री से इंतजार रहता है। सलमान खान और कैटरीना कैफ स्टारर फिल्म टाइगर जिंदा है का ट्रेलर कल यानी 7 नवंबर को रिलीज किया जा चुका है। ट्रेलर की रिलीज के कुछ घंटों बाद ही इसे यूट्यूब पर 5 मिलियन व्यूज मिल गए थे। निर्माताओं ने 3 मिनट 14 सेकेंड के वीडियो को ढेर सारे एक्शन सींस से पैक किया हुआ है और भाई के फैंस उन्हें इसी अवतार में देखना चाहते हैं।
अली अब्बास जफर के निर्देशन में बनी यह फिल्म 22 दिसंबर को रिलीज होगी। यह सलमान की छठवीं ऐसी फिल्म है जो दिसंबर में रिलीज होने जा रही है।दिसंबर के महीने में ही सलमान की डेब्यू फिल्म मैंने प्यार किया रिलीज हुई थी। इसके अलावा 12वें महीने में उनका जन्मदिन भी आता है। आज हम आपको बताते हैं दिसंबर में रिलीज हुई भाईजान की फिल्मों के कलेक्शन के बारे में।
1. मैंने प्यार किया- 29 दिसंबर, 1989 को रिलीज हुई सलमान खान और भाग्यश्री की इस फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। उस समय 15 करोड़ रुपए का कलेक्शन करके फिल्म ने ब्लॉकबस्टर का तमगा हासिल किया था।
2. बागी: ए रिेबेल फॉर लव- 21 दिसंबर, 1990 में रिलीज हुई इस फिल्म में सलमान खान के साथ नग्मा की जोड़ी नजर आई थी। फिल्म हिट साबित हुई थी और इसने 4 करोड़ रुपए कमाए थे।
3. संगदिल सनम- 16 दिसंबर, 1994 को रिलीज हुई इस फिल्म में सलमान खान के साथ मनीषा कोईराला की जोड़ी नजर आई थी। इस फिल्म ने केवल 73 लाख का बिजनेस किया था।
4. बाबुल- 18 दिसंबर, 2006 को रिलीज हुई इस फिल्म में सलमान खान और रानी मुखर्जी की जोड़ी नजर आई थी। इसके अलावा अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी भी फिल्म का अहम हिस्सा थे। यह फिल्म टिकट खिड़की पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई थी और केवल 15 करोड़ रुपए का लाइफटाइम कलेक्शन कर पाई थी।
5. दबंग 2- 21 दिसंबर, 2012 को रिलीज हुई इस फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा और सलमान खान की जोड़ी देखने को मिली थी। 154 करोड़ रुपए का बिजनेस करके फिल्म सुपरहिट रही थी।