सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा है कि अनादि काल से ही देश की सभी बड़ी लड़ाइयां महिलाआें के लिए लड़ी गई हैं, किन्तु देश के लिए लड़ने वालों को हम भूलते जा रहे हैं। यदि हमने अपने पूर्वजों को याद नहीं रखा तो आने वाली पीढ़ियां हमें माफ नहीं करेंगी। वह मेहनौन विधानसभा क्षेत्र के अन्तर्गत विजय गढ़वा में राजा सुहेलदेव की मंदिर निर्माण के लिए आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। राजभर ने कहा कि इतिहास साक्षी है, विश्व की सभी बड़ी लड़ाइयां महिलाओं के लिए लड़ी गईं हैं।
उन्होंने कहा कि राम और रावण की लड़ाई सीता के लिए हुई। कौरव और पाण्डव की लड़ाई द्रोपदी के लिए हुई। आल्हा, ऊदल, ईंदल आदि मध्यकालीन रजवाड़े मछला, फुलवा, बेलवा आदि के लिए लड़ते रहे। देश के लिए लड़ने वाले महाराजा सुहेलदेव के शौर्य गाथा को हम भूलते जा रहे थे। हम राजभर समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हैं कि उन्होंने सुहेलदेव की याद में एक मंदिर का निर्माण कराने का बीड़ा उठाया है। कर्नलगंज तहसील के गौरा सिंहपुर में पार्टी की ओर से आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में बोलते हुए राजभर ने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों के बच्चे पहले होमगार्ड वाली वर्दी पहनकर विद्यालय जाते थे। उसे उतरवा कर मैंने सुन्दर ड्रेस पहनाया। अगले माह तक उन्हें जूता, मोजा और स्वेटर भी मिल जाएगा। इसके बाद भी यदि किसी ने अपने बच्चे को पढ़ने के लिए विद्यालय नहीं भेजा तो उसे जेल भिजवाने की तैयारी भी कर रहा हूं।
राजभर ने कहा कि गरीबी क्या होती है, मुझसे अच्छा कोई नहीं जानता। इसलिए मुझे जब मंत्री बनकर जनता का सेवा करने का मौका मिला तो मैंने गरीबों के बारे सोचना शुरू किया। उन्होंने लोगों से कहा कि कहा कि जब तक आपके बच्चे शिक्षित नहीं होंगे, आपका विकास नहीं होगा। इसलिए अपने आस-पड़ोस वाले लोगों को समझाइए। वे अपने बच्चों को विद्यालय जरूर भेजें। यदि उनकी वजह से उनका बच्चा विद्यालय नहीं जाएगा, तो फिर उन्हें जेल जाना पड़ेगा। हम इसकी तैयारी में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार में गरीबों का कोई कार्य बाकी नहीं रहेगा। यदि कोई अधिकारी आपके काम में आनाकानी करता है तो मुझे बताइए। राजभर ने कहा कि देश में दो तरह के लोग रहते हैं। एक चतुर और एक बुधुआ। मैं बुधुआ गोल का व्यक्ति शासन में पहुंच गया हूं। इसलिए अब चतुर के ही नहीं, बुधुआ गोल के लोगों के भी सभी कार्य होंगे। क्षेत्र में इण्टर कालेज की मांग पर उन्होंने कहा कि जमीन की व्यवस्था आप लोग कीजिए, राजकीय इण्टर कालेज हम बनवा देंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामपाल राजभर व संचालन विजय कुमार ने की।