सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भीड़ कुछ लोगों को बेरहमी से पिटती नजर आ रही है। पिटने वाले लोगों में एक वृद्ध शख्स भी है जो जमीन पर पड़ दर्द से कराह रहा है। इस वीडियो को @Mrsingh_ ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया है। वीडियो शेयर करने वाले इस यूजर ने लिखा है कि राजस्थान में सिख परिवार को भीड़ ने पीटा। इस ट्वीट के अनुसार ये वीडियो राजस्थान का है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टी नहीं हुई है। इस वीडियो पर यूजर्स कमेंट कर अपनी बात रख रहे हैं। कुछ यूजर्स ने लिखा कि सिङ हमारे देश के गौरव हैं, इन्हें पीटा क्यों जा रहा है। वहीं एक यूजर ने लिखा कि सिर्फ पुलिस और प्रशासन की निष्क्रियता के चलते भीड़ का दुस्साहस इतना बढ़ जा रहा है कि वो किसी की भी जान ले ले रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि शर्म आती है कि मेरा हिंदुस्तान ऐसा बन गया है। सॉरी दोस्त यह हमारा हिंदुस्तान नहीं है। यहां तो सब एक दूसरे के खून के प्यासे हो गए हैं।
इस वीडियो को ट्वीट करने वाले यूजर ने इस घटना के बारे में और भी जानकारियां पोस्ट की हैं। इसके अनुसार पिटने वाले तीनों शख्स सिख हैं। ये लोग हरिद्वार के गुरुद्वारे में सेवादारी करते हैं। बताया जा रहा है कि ये लोग अपनी गाड़ी से राजस्थान के किसी गांव से गुजर रहे थे। इन लोगों ने रास्ता पूछने के लिए गांव के पास अपनी गाड़ी रोकी। वहां गांव में भीड़ ने इन लोगों को बच्चे किडनैप करने वाला गिरोह समझ कर पीटना शुरू कर दिया। पीटने के बाद इन्हें पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने अपनी पूछताछ में पता किया कि ये लोग कोई किडनैपर्स नहीं हैं। पूछताछ के बाद इन्हें छोड़ दिया गया।
दरअसल अभी झारखंड में भी बच्चे चोरी करने के आरोप में भीड़ ने 7 लोगों को मौत के घाट उतार दिया था। अभी झारखंड की घटना पर हो हल्ला शांत भी नहीं हुआ था कि इस वीडियो ने सबको चौंका दिया है। हालांकि ये घटना कब और कहां की है इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। आपको बता दें कि जनसत्ता ऑनलाइन इस वीडियो की और इस वीडियो के बारे में सोशळ मीडिया पर वायरल हो रही जानकारी की किसी भी हाल में पुष्टी नहीं करता है।