Friday, March 29, 2024
featuredदेश

बेटे राहुल गांधी के साथ सोनिया भारत लौटीं

SI News Today

स्वास्थ्य जांच के सिलसिले में विदेश गईं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी गुरुवार देर रात बेटे राहुल गांधी के साथ भारत लौट आईं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सोनिया गांधी का स्वास्थ्य अब ठीक है।

उल्लेखनीय है कि सोनिया गांधी इस महीने की शुरुआत में अपने नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए विदेश गई थीं। हालांकि, उनका गंतव्य नहीं बताया गया, लेकिन ऐसी अटकलें थीं कि वह अमेरिका गई हैं। यहां पहले भी वह अपना स्वास्थ्य जांच करा चुकी हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के तुरंत बाद 16 मार्च को उनके पास चले गए थे।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कई सालों में पहली बार हाल में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में अपनी पार्टी के लिए चुनाव प्रचार नहीं किया। उनकी तबीयत पिछले कुछ समय से ठीक नहीं रही है। उन्होंने इधर कुछ महीनों में पार्टी के सभी काम राहुल गांधी को सौंप दिए हैं। पिछले साल दो अगस्त को वाराणसी में रोड शो के दौरान बीमार पड़ जाने के बाद वह पार्टी के कामकाज से दूर ही रहीं। उस घटना के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

SI News Today

Leave a Reply