भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी अंबाती रायडू का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह एक बुजुर्ग शख्स के साथ हाथापाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो को हैदराबाद का बताया जा रहा है। कथित रूप से अंबाती रायडू तेज गाड़ी चला रहे थे जिसपर शख्स ने उनसे कुछ बोला था। इसपर अंबाती रायडू गाड़ी से उतर गए। इसके बाद पहले दोनों में बहस होने लगी। फिर जब वह शख्स बार-बार बोलता रहा तो अंबाती रायडू भी हाथापाई करने लगे। वीडियो में कई सारे लोग आसपास दिख रहे हैं। वे लोग अंबाती रायडू और उस दूसरे शख्स को रोकने की पूरी कोशिश करते हैं। लेकिन शख्स बार-बार उन लोगों की पकड़ से छूटकर लड़ने के लिए अंबाती रायडू की तरफ आ जाता है।
एएनआई ने फिलहाल वीडियो की प्रमाणिकता का दावा नहीं किया है। वीडियो में अंबाती की काली रंग की गाड़ी दिख रही है। जिसमें से वह नीचे उतरते हैं। बाकी लोग पहले से ही आसपास खड़े होते हैं।
अंबाती रायडू ने भारत के लिए 34 वन डे इंटरनेशनल मैच खेले हैं। जिसमें उन्होंने 1055 रन बनाए हैं। उन्होंने अपना आखिरी वनडे मैच 15 जून को जिम्बाब्वे के खिलाफ खेला था। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में वह मुंबई इंडियन के लिख खेलते हैं। उन्होंने 2013 में अपना पहला वनडे खेला था। वह टीम में बल्लेबाज के रूप में खेलते हैं। मामले पर फिलहाल अंबाती की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
2005 में रायडू और अर्जुन यादव नाम के एक क्रिकेटर की भी लड़ाई हो गई थी। दोनों के बीच वह लड़ाई रणजी मैच के दौरान पिच पर आंध्रप्रदेश में हुई थी। अर्जुन आंध्र क्रिकेट असोसिएशन के सचिन शिवपाल यादव का बेटा है। तब अंपायर को बीच-बचाव करवाना पड़ा था।