Saturday, February 15, 2025
featuredदिल्ली

नगर निगम उपचुनाव में कांग्रेस और आप ने जीती एक-एक सीट

SI News Today

दिल्ली में हुए एमसीडी के उपचुनाव में कांग्रेस ने एक सीट और आम आदमी पार्टी ने भी एक सीट पर जीत हासिल की है। राज्य चुनाव  आयोग ने बताया कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सराय पीपल वार्ड से कॉन्ग्रेस के मुकेश गोयल ने जीत दर्ज की है। वहीं पूर्वी दिल्ली नगर निगम में मौजपुर से आम आदमी पार्टी की रेशमा ने जीत दर्ज की है। सराय पीपल वार्ड में 21 मई को जबकि मौजपुर में 14 मई को उप चुनाव हुआ था। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के निधन के कारण 23 अप्रैल को नगर निगमों के इन दो वार्डों में होने वाला चुनाव को रद्द कर दिया गया था। मौजपुर वार्ड के नतीजे में आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी रेशमा ने 699 वोट से जीत हासिल की है। वहीं रेशमा को कुल 9374 वोट मिले हैं। दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस प्रत्याशी को 8675 वोट मिले हैं।

आपको बता दें कि हाल ही में हुए दिल्ली नगर निगम के चुनावों में बीजेपी को 181, आम आदमी पार्टी को 48, कांग्रेस को 30 और अन्य को 11 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। पूर्वी दिल्ली नगर निगम की 63 सीटों में से 47 पर बीजेपी, 11 पर आम आदमी पार्टी, 3 पर कांग्रेस और 2 सीटों पर अन्य की जीत हुई थी। उत्तरी दिल्ली की 103 सीटों में से 64 पर बीजेपी, 21 पर आम आदमी पार्टी, 15 पर कांग्रेस और 3 सीटों पर अन्य की जीत हुई थी। दक्षिणी दिल्ली की 104 सीटों में से 70 पर बीजेपी, 16 पर आम आदमी पार्टी, 12 पर कांग्रेस और 6 सीटों पर अन्य की जीत हुई थी।

इसके बाद तो राजनीति में इस्तीफों की बाढ़ सी आ गई थी। कांग्रेस के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन ने हार की जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। माकन के बाद दिल्ली कांग्रेस प्रभारी पी सी चाको ने भी इस्तीफे की पेशकश की थी। ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी (AICC) के महासचिव गुरुदास कामत ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया समेत कई नेता इस हार के लिए ईवीएम में छेड़छाड़ को जिम्मेदार बता रहे हैं। वहीं अन्ना हजारे ने कहा था कि ईवीएम ने नहीं कथनी और करनी ने आप को हराया है।

SI News Today

Leave a Reply