Friday, April 19, 2024
featuredदिल्ली

अजय माकन ने कहा, कपिल मिश्रा के लगाए आरोपों की जांच कराइ जाये

SI News Today

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन ने आम आदमी पार्टी (आप) के पूर्व मंत्री कपिल मिश्र के आरोपों की जांच की मांग की है। माकन ने कहा कि यह नहीं हो सकता कि सरकारी एजंसियों को इस बात का पता न हो और बड़े आश्चर्य की बात है कि अभी तक केजरीवाल सरकार के खिलाफ प्रिवेंस आॅफ मनी लॉड्रिंग अधिनियम के तहत मामला क्यों नहीं चला और एफआईआर क्यों नहीं हुई। कपिल ने अपने आरोपों में कहा था कि 30 जनवरी 2016 को एक दिन में 13 कंपनियों की ओर से आप को पैसा दिया गया और 180 कंपनियां एक ही पते पर खोली गर्इं।

माकन ने कहा है कि कपिल ने केजरीवाल और उनकी सरकार के खिलाफ बहुत गंभीर आरोप लगाए हैं जबकि कपिल केजरीवाल सरकार के मंत्रिमंडल में रहे हैं। माकन ने कहा कि कपिल की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल में यदि थोड़ी सी भी नैतिकता है तो उन्हें तुरन्त मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। प्रेस कांफ्रेंस में माकन ने कहा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने 23 जनवरी 2017 को एक वक्तव्य जारी किया था जिसमें कहा था कि आप का एक विधायक लंदन में देश विरोधी ताकतों से पैसा जमा करने गया था और यह पार्टी देश विरोधी ताकतों से पैसा ले रही है। माकन ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी यह कहा था कि खालिस्तानी ताकतें आप को पैसा दे रही हैं।

मुख्यमंत्री पद छोड़ें केजरीवाल : मनोज तिवारी

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा है कि आम आदमी पार्टी (आप) में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के बारे में जो भाजपा शुरू से कहती रही है, वह आज पूर्व मंत्री कपिल मिश्र के रहस्योद्घाटन के बाद सही साबित हुआ है। तिवारी ने कहा है कि प्रजातंत्र केवल संख्या बल से ही नहीं चलता है बल्कि इसमें पारदर्शिता और जनता के प्रति जवाबदेही की भावना भी आवश्यक है। दिल्ली भाजपा ने उपराज्यपाल अनिल बैजल से मांग की कि वह इस मामले को सीबीआइ को सौंपकर जांच करवाएं। विशेष रूप से शिवचरन गोयल और नरेश कुमार की भूमिका के संबंध में।

तिवारी ने कहा कि आज दिल्ली के लोगों में रोष व्याप्त है और जो कुछ भाजपा कह रही है, वह जनता की आवाज है। उन्होंने कहा कि आप ने सत्ता में बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है। हम जानते हैं कि केजरीवाल नैतिक मूल्यों में विश्वास नहीं करते, इसीलिए भाजपा कहना चाहती है कि आप संख्या बल पर सत्ता में बने रहिए पर जब तक घोटालों की जांच चल रही है, तब तक किसी अन्य नेता को वैकल्पिक मुख्यमंत्री बना दीजिए। अगर केजरीवाल निर्दोष साबित होते हैं तो वह सत्ता में वापस आ जाएं अन्यथा न्यायालय का सामना करने के लिए तैयार रहें। दिल्ली भाजपा केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली से आम आदमी पार्टी पर लगे घोटाले के आरोपों पर एक्सिस बैंक की भूमिका की जांच की अपील करती है।

SI News Today

Leave a Reply