Friday, March 14, 2025
featuredउत्तर प्रदेश

सहारनपुर हिंसा: 27 मई को राहुल गांधी करेंगे दौरा

SI News Today

उत्‍तर प्रदेश के सहारनपुर में जातीय संघर्ष को लेकर राजनैतिक रोटियां सेंकने की कवायद शुरू हो गई है। बहुजन समाज पार्टी की अध्‍यक्षा मायावती कुछ दिन पहले सहारनपुर गई थीं, उनके लौटते ही फिर हिंसा भड़क गई। कई पार्टियों के स्‍थानीय नेता जिले में डेरा जमाए हुए हैं। एएनआई के अनुसार, अब कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी भी 27 मई को सहारनपुर जाएंगे। पूरे मामले पर अब तक राहुल गांधी चुप रहे हैं, कुछ नहीं बोले हैं। ऐसे में सवाल खड़े हो रहे थे कि मुख्‍य विपक्षी दल होने के बावजूद राहुल हमलावर क्‍यों नहीं हैं। जिसके बाद, राहुल ने इलाके का दौरा करने का फैसला किया है। हालांकि यूपी के एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) आदित्‍य मिश्रा ने कहा है कि राहुल गांधी के सहारनपुर दौरे की इजाजत नहीं है।

सहारनपुर के शब्बीरपुर गांव में महाराणा प्रताप जयंती के दौरान ऊंची आवाज पर संगीत बजाए जाने के खिलाफ विरोध जताने पर दोनों समुदायों के बीच हिंसा भड़क उठी थी। हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 16 अन्य घायल हुए थे। मंगलवार को बसपा मुखिया मायावती के सहारनपुर के शब्बीरपुर के दौरे के बाद बडगांव क्षेत्र में दोबारा जातीय हिंसा भड़क गई जो धीरे-धीरे कई गांवों तक पहुंच गई।

सहारनपुर में फिर हिंसा भड़कने से नाराज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रमुख सचिव गृह, डीजीपी को तलब कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। प्रदेश के सभी डीएम, एसएसपी को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि जातीय रैलियों, धरना प्रदर्शन और आंदोलन की किसी भी कीमत पर इजाजत नहीं दी जाए। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में तैनात अधिकारियों को सड़कों पर गश्त करने और अतिरिक्त सुरक्षा बरतने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस महानिरीक्षक विजय सिंह मीणा ने बताया कि सहारनपुर में हुई हिंसा में अब तक 25 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। स्थिति को समान्य करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि दंगे भड़काने वाले कितने भी बड़े क्यों न हों, बख्शे नहीं जाएंगे। सहारनपुर में हुए दंगे की जांच चल रही है। दोषियों को पकड़ कर सख्त कार्रवाई की ही जाएगी।

SI News Today

Leave a Reply