Thursday, April 25, 2024
featuredउत्तर प्रदेशलखनऊ

तीसरे चरण के नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन शुरू…

SI News Today

लखनऊ: तीसरे व अंतिम चरण के नगरीय निकाय चुनाव के नामांकन शनिवार चार नवंबर से शुरू हो जाएंगे। शुक्रवार को जिलाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चुनाव की सार्वजनिक सूचना जारी कर दी। अब शनिवार को निर्वाचन अधिकारी चुनाव की सार्वजनिक सूचना जारी करेंगे। इसके साथ ही नामांकन भी शनिवार से शुरू हो जाएंगे। 26 जिलों के 233 निकायों में तीसरे चरण के चुनाव के लिए नामांकन 10 नवंबर तक होंगे। इसमें 94 लाख मतदाता शहर की सरकार चुनेंगे।

इस बार नगरीय निकाय चुनाव तीन चरणों में हो रहे हैं। पहले दो चरणों की नामांकन प्रक्रिया इस समय चल रही है। पहले चरण के नामांकन छह व दूसरे चरण के सात नवंबर तक चलेंगे। वहीं तीसरे व अंतिम दौर के चुनाव में नामांकन प्रक्रिया शनिवार से शुरू होगी। इसमें पांच नगर निगम, 76 नगर पालिका परिषद व 152 नगर पंचायतों के चुनाव होंगे। तीसरे चरण के चुनाव में नामांकन पत्रों की जांच 11 नवंबर व नाम वापसी 13 नवंबर को होगी। चुनाव चिह्न का आवंटन 14 नवंबर को होगा। अंतिम चरण का मतदान 29 नवंबर बुधवार को होगा। वहीं, तीनों चरणों के चुनाव की मतगणना एक दिसंबर को सुबह आठ बजे से शुरू होगी।

तीसरे चरण में यहां होंगे चुनाव
सहारनपुर, बागपत, बुलंदशहर, मुरादाबाद, संभल, बरेली, एटा, फीरोजाबाद, कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, झांसी, महोबा, फतेहपुर, रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, कुशीनगर, मऊ, चंदौली, जौनपुर व मीरजापुर।

तीसरे चरण का चुनाव एक नजर
जिले-26
नगर निगम-5
नगर पालिका परिषद-76
नगर पंचायत-152
कुल वार्ड-4299
मतदान केंद्र-3602
मतदेय स्थल-10810
कुल मतदाता-94,05,963
पुरुष मतदाता-49,93,825
महिला मतदाता-44,12,138

तीसरे चरण में पांच नगर निगमों में होंगे चुनाव
तीसरे व अंतिम चरण के चुनाव में पांच नगर निगमों में चुनाव होंगे। इसमें सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, फीरोजाबाद व झांसी नगर निगम शामिल हैं। इसमें कुल 28.50 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पांच नगर निगमों में मतदाता पांच मेयर के साथ ही 350 पार्षदों को चुनेंगे। नगर निगमों में 751 मतदान केंद्र व 2471 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।

SI News Today

Leave a Reply