निगोहां: निगोहां के सुदौली मोड़ के आगे राष्ट्रीय राजमार्ग 24बी से करीब नहर के किनारे झाड़ियों में एक किशोरी का अर्द्धनग्न शव पाया गया। आशंका जताई जा रही है कि किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
निगोहां के सुदौली मोड़ के आगे हाईवे से 50 मीटर की दूरी पर झाड़ियों से दुर्गध आती देख स्थानीय लोगों ने छानबीन की तो किशोरी का शव पड़ा दिखा। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। एसओ निगोहां चैंपियन लाल ने बताया कि शव पांच-छह दिन पुराना लग रहा है। शव के शरीर पर कत्थई रंग का कुर्ता और काले रंग की बनियान थी। शव काफी पुराना होने के कारण पहचान में नहीं आ रहा है। कुछ लोगों का कहना है कि उन्होंने एक मानसिक विक्षिप्त किशोरी को कस्बे में घूमते हुए देखा था। आशंका जताई जा रही है कि शव उसी किशोरी का है। वह दस दिनों से क्षेत्र से गायब भी है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या कर शव छिपाने के लिए किसी ने झाड़ी में फेंक दिया था। वहीं पुलिस के मुताबिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।