लखनऊ: सुबह बारिश ने सोमवार को वाहनों की रफ्तार पर ऐसा ब्रेक लगाया कि देर शाम तक शहर के कई क्षेत्रों में भीषण जाम रहा। इसके चलते लोग घंटों परेशान रहे। जलभराव के साथ जाम के चलते कई लोग अपने-अपने ऑफिस भी विलंब से पहुंचे। बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर भी डायवर्जन किया गया था। इससे भी वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पक्के पुल से लेकर डालीगंज अंडरपास व शहीद स्मारक तक सुबह आठ से दोपहर 12 बजे तक भीषण जाम रहा। डालीगंज अंडरपास में पानी भर गया था। एएसपी ट्रैफिक रविशंकर निम ने बताया कि लाइट न होने से पंप नहीं चल सके, जिसके चलते अंडरपास में सुबह दस बजे के बाद भी पानी नहीं निकाला जा सका। दस बजे के बाद लाइट आइ तब संबंधित विभाग के लोगों ने पंप से पानी निकाला। जिसके बाद यातायात सामान्य होने में समय लगा। इसके अतिरिक्त आइटी चौराहा व इसके आसपास सड़कों पर, कपूरथला, निशातगंज, हजरतगंज, नेशनल कॉलेज के सामने वाली सड़क पर, लालबाग, कैसरबाग, चारबाग, हुसैनगंज समेत अधिकांश जगहों पर जाम रहा।
एंबुलेंस भी जाम में फंसी
जाम का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ा। केजीएमयू के पास एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। हालांकि कुछ देर बाद एंबुलेंस को रास्ता मिल गया।
घरों में भरा बारिश का पानी
बारिश की वजह से कृष्णानगर के मानसनगर में कई घरों में पानी भर गया। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विजय नगर पुलिस चौकी के पास नाला उफनाने से गंदा पानी सड़क पर भर गया। जिसकी वजह से कई वाहन पानी में फंस गए। स्कूली बस और ऑटो फंसने से बच्चों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी। पारा के मोनार्क सिटी में बारिश से सभी सड़कें जलमग्न हो गई।
यहां के निवासी अनिल तिवारी ने बताया कि पानी भरने से प्लॉटों में अवैध डेयरियों से निकला गोबर सड़क पर आ गया। जिससे चारों और बदबू फैल गई। निवासियों ने नगर निगम से जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की। उधर, वीआइपी रोड पर गौतमबुद्ध विहार पार्क के पीछे की सड़क पर पानी भरने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। आशियाना में बदहाल सड़कों पर पानी भरने से कई वाहन सवार गिरने से घायल भी हो गए।