Friday, March 28, 2025
featuredलखनऊ

विधानसभा चुनाव में पटखनी खाकर बसपा ने बदली रणनीति

SI News Today

यूपी में हुए विधानसभा चुनाव में बसपा को मिली करारी हार के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती पार्टी में नई जान डालने की तैयारी कर रही हैं। उन्होंने एक नया प्रतिनिधिमंडल बनाया है। यह प्रतिनिधिमंडल सीएम से मुलाकात करने, लोगों से मिलने, जिला स्तर पर पार्टी का विकास करने के लिए पार्टी के सदस्य बनाने और विशेष रूप से मुसलमानों और वाल्मीकियों के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करने का काम करेगा। पार्टी प्रमुख मायावती ने हाल ही में जातीय संघर्ष से प्रभावित सहारनपुर के एक गांव का दौरा किया था। सहारनपुर में हिंसा के मद्देनजर सुर्खियों में आई भीम सेना के साथ किसी भी तरह का संबंध होने से पार्टी ने तुरंत इंकार कर दिया था।

पार्टी ने सहारनपुर में हालात सामान्य होने तक, अपने दो प्रवक्ता उम्मेद सिंह और फैजान को उनके पदों से हटा दिया था। पार्टी के सदस्य ने कहा कि पार्टी प्रवक्ता द्वारा दिया गया कोई विवादास्पद बयान पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा सकता है। मायावती पार्टी संगठन को पुनर्जीवित करने के प्रयास में कोई कमी नहीं छोड़ रही हैं। यही कारण है कि वह केवल सुधारात्मक उपायों पर ही ध्यान केंद्रित कर रही हैं। वह जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का काम कर रही हैं।

स्थानीय निकायों के आगामी चुनाव में बीएसपी अपने पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही है, यह पार्टी की एक कठिन परीक्षा हो सकती है। इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक पार्टी के एक सदस्य ने बताया कि हमें वास्तविक सदस्यों को बनाने के लिए कहा गया है। हम उन लोगों की तलाश कर रहे हैं जिन्हें शहरी क्षेत्रों में नया सदस्य बनाया जा सकता है। हम पार्टी का नया सदस्य बनाने के लिए 50 रुपये लेते हैं। हम उस सदस्य का पूरा डेटा जैसे मोबाइल नंबर, पता आदि रखते हैं। यह सब पार्टी ऑफिस में जमा होता है।

पार्टी के सदस्य के मुताबिक, पार्टी में बनाए गए नए सदस्य का डेटा वेरिफाई करने के लिए एक सिस्टम बनाया गया है। आप नकली सदस्य नहीं बना सकते हैं। यह केवल वास्तविक सदस्य बनाने के लिए एक अभियान है। पार्टी के भीतर, बसपा ने एक प्रतिनिधिमंडल का गठन किया है जिसमें पार्टी के महासचिव एस.सी. मिश्रा और बसपा के विधानसभा दल के नेता लालजी वर्मा जैसे वरिष्ठ नेताओं को समय-समय पर विभिन्न मुद्दों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलना है।

SI News Today

Leave a Reply