Thursday, April 25, 2024
featuredउत्तर प्रदेशलखनऊ

यूपी पुलिस एक्शन में! 24 घंटे में बदमाशों के साथ 8 एनकाउंटर…

SI News Today

लखनऊ: कासगंज में हिंसा के बाद यूपी पुलिस एक्शन में आई है। बीते 24 घंटे में राजधानी लखनऊ, नोएडा और चित्रकूट समेत 8 जिलों में पुलिस और बदमाश/डकैतों के बीच एनकाउंटर हुए। शनिवार सुबह लखनऊ से बावरिया गैंग के 4 बदमाश और चित्रकूट में बबुली कोल गिरोह के एक डकैत को गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार को भी पुलिस ने कई इनामी बदमाशों पर शिकंजा कसा।

24 घंटे में हुए 8 एनकाउंटर
1. चित्रकूट
– यहां के मारकुंडी थाना क्षेत्र के जंगल में शनिवार सुबह पुलिस और डकैत बबुली कोल गिरोह के बीच एनकाउंटर हुआ। गोली लगने से जख्मी हुए डकैत जियालाल कोल को पुलिस ने पकड़ लिया है।
– बता दें कि बबुली कोल 7 लाख का इनामी डकैत है। चित्रकूट के मारकुंडी इलाके के दौड़माती गांव का रहने वाला है। बलखड़िया गिरोह में शार्प शूटर था। 2016 में सरगना के मारे जाने पर अलग गैंग बना लिया।

2. लखनऊ
– यहां के कृष्णानगर इलाके में शनिवार सुबह पुलिस और बावरिया गैंग के बीच मुठभेड़ हुई। 4 बदमाश अरेस्ट हुए। एनकाउंटर में 2 बदमाशों को गोली लगी।
– एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि बीकानेर के रहने वाले महेंद्र उर्फ महेश, मनोज उर्फ छोटू गोली लगने से जख्मी हुए हैं। इसके अलावा राजेश उर्फ पेटला और रमेश उर्फ राजू भी पकड़े गए हैं। इनके साथियों दयाराम, रामदीन और कालिया की तलाश जारी है।
– बदमाशों के कब्जे से एक 12 बोर बंदूक, 3 तमंचे, कारतूस बरामद हुए हैं। सभी बदमाश राजस्थान के रहने वाले हैं। जो एक महीने से राजधानी में किराए पर रह रहे थे। मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई की गई। सभी लूट की वारदातों में शामिल रहे हैं।

3. सहारनपुर
– यहां के नकुड़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने शनिवार सुबह लूट के बाद भाग रहे दो बाइक सवार बदमाशों को गिरफ्तार किया। इस दौरान पुलिस और बदमाशों की ओर से कई राउंड फायरिंग हुई।
– इस दौरान 25 हजार के इनामी बदमाश जुल्फान उर्फ जोनी को गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने एक लूटी हुई बाइक और पिस्टल बरामद की है।
– एसपी देहात, विद्या सागर मिश्रा ने बताया कि बदमाश जोनी मुजफ्फरनगर का रहने वाला है। उस पर हत्या, लूट और डकैती के कई मामले दर्ज हैं।

4. गोरखपुर
– यहां के रामनगर कडजहां में शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें 50 हजार के इनामी मनीष यादव और संदीप को पकड़ा गया। दोनों को गोली लगने के बाद हॉस्प‍िटल में भर्ती कराया गया है। एनकाउंटर में एसओ खोराबार और एसओ झंगहा भी जख्मी हुए हैं।
– एसपी, गणेश शाह ने बताया कि कुछ दिन पहले दिनेश नाम के कारोबारी की हत्या कर दी गई थी, दोनों बदमाश इस केस में आरोपी हैं। बदमाशों के कब्जे से हथियार और लूटी गई बाइक बरामद की गई।

5. मुजफ्फरनगर
– यहां शुक्रवार को पुलिस ने मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी इंद्रपाल को मार गिराया। उसके खिलाफ 30 से ज्यादा लूट और हत्या जैसे कई केस दर्ज थे। इस कार्रवाई को STF नोएडा और मुजफ्फरनगर पुलिस की टीम ने अंजाम दिया।
– दरअसल, पुलिस को पता चला कि इंद्रपाल 5 से 6 बदमाशों के साथ मीरापुर थाना क्षेत्र के जंगल में िछ‍पा बैठा है। एनकाउंटर के दौरान इंद्रपाल गोली लगने से जख्मी हो गया था, जबकि उसके साथी भाग निकले। पुलिस को दो पिस्टल, एक बंदूक और कई कारतूस मिले थे।

6. नोएडा
– यहां के फेज-3 थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार शाम मुठभेड़ के दौरान 2 बदमाशों को अरेस्ट किया। इनके पास से लूटी गई कार, लैपटॉप, मोबाइल फोन, 2 तमंचे और कारतूस बरामद हुए। सोनीपत के अंकित शर्मा और गौतमबुद्धनगर के राहुल के सिर पर 10-10 हजार का इनाम है।
– एसपी सिटी, अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर-69 में ट्रांसपोर्ट नगर के पास चेकिंग चल रही थी। तभी एक कार में जा रहे 2 युवकों को रुकने का इशारा किया गया। आरोपियों ने भागते हुए फायरिंग की।

7. मेरठ
– यहां के मेडिकल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एनकाउंटर के बाद 15 हजार के इनामी फखरुद्दीन को गिरफ्तार किया गया। गोली लगने से जख्मी हुए बदमाश का इलाज चल रहा है। आरोपी के कब्जे से कई तमंचे मिले हैं।
– एसओ, मेडिकल सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस टीम ने काली नदी के पास बाइक सवार दो युवकों को रोका था। इस पर वो फायरिंग करते हुए भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी।

8. कन्नौज
– यहां के विशुनगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान जख्मी हुए एक बदमाश को गिरफ्तार किया। फायरिंग में एसआई राजकुमार और कॉन्स्टेबल फिरोज अहमद को भी गोली लगी।
– दो दिन पहले 60 लाख बैटरियां और ट्रक के साथ पुलिस ने 10 बदमाशों को पकड़ा था। जबकि गिरोह का सरगना रफीक (अलीगढ़) पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।

SI News Today

Leave a Reply