featuredदेश

8 साल की बच्ची के साथ छह लड़कों ने कथित तौर पर किया बलात्कार…

पुणे के आठ साल की एक बच्ची के साथ पड़ोस में रहने वाले छह लड़कों ने कथित तौर पर बलात्कार किया। छह आरोपियों में से एक की उम्र 19 साल है और बाकी पांच 10-11 साल के हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर सभी छह आरोपियों को पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि पीड़िता की मां ने पड़ोस में रहने वाले छह लड़कों के खिलाफ बेटी का यौन शोषण करने की शिकायत दर्ज कराई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने 19 वर्षीय लड़के को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य पांच को जिनकी आयु 10 से 11 वर्ष के बीच है निगरानी गृह भेज दिया गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि मामला उस समय सामने आया जब बच्ची ने पेट में दर्द की शिकायत की और उसकी मां उसे डॉक्टर के पास लेकर गई। डॉक्टर ने उसकी चिकित्सीय जांच की तथा शरीर पर कुछ निशान देखकर यौन शोषण का मामला होने का संदेह व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जब डॉक्टर ने लड़की से शरीर पर निशानों के बारे में पूछा तो उसने खुलासा किया कि छह लड़कों ने पिछले कुछ हफ्तों में चार-पांच बार उसका यौन शोषण किया है।

इस पर लड़की की मां ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी छह लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बच्ची का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी लड़के उसी इलाके में रहते हैं, जहां पीड़ित बच्ची का परिवार रहता है। बच्ची के मुताबिक ये लड़के उसे चॉकलेट देते थे और जिस बिल्डिंग में लड़की रहती है उसी बिल्डिंग की छत पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करते थे। पुलिस के मुताबिक, बच्ची के साथ रेप की शुरुआत 19 वर्षीय मुस्तफा मुजावर ने की थी, लेकिन बाद में नाबालिग लड़के भी उसका रेप करने लगे।

Leave a Reply

Exit mobile version