featuredलखनऊ

विधानसभा में मथुरा के डकैती कांड पर हंगामा

लखनऊ:  उत्तर प्रदेश में 17वीं विधानसभा के पहले सत्र के दूसरे दिन आज मथुरा में ज्वेलरी शो-रूम में डकैती के दौरान हत्या का मामला जमकर गूंजा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी मे विपक्ष ने मथुरा के डकैती तथा लूट कांड पर हंगामा किया।

मथुरा के डकैती कांड पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज होगा। यहां पर हमारे शासन में अपराधी के साथ अपराधी जैसा व्यवहार किया जायेगा। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के सत्ता संभालने के बाद से प्रदेश में अपराध में कमी आई है। अपराधियों से अपराधी जैसा ही व्यवहार हो रहा है। अब यहां पर कानून से खिलवाड़ नही हो सकेगा और न ही किसी को भी राजनीतिक संरक्षण मिलेगा। उधर कांग्रेस के विधायकों ने विधायकों ने सहारनपुर कांड को लेकर सदन से वॉक आउट किया है।

अध्यक्ष के कमरे के बाहर हंगामा

विधान भवन में विधानसभा अध्यक्ष विधानसभा अध्यक्ष ह्रदय नारायण दीक्षित के कमरे के बाहर एक संविदा कर्मी ने हंगामा किया। वह सदन के अन्दर विधानसभा अध्यक्ष के पास जाने के प्रयास में थी। संविदा पर कार्यरत सहायक सामीक्षा अधिकारी सौरम देवी स्थाई नौकरी की मांग कर रही थी। सौरम देवी को सुरक्षाकर्मियों ने विधानसभा से बाहर किया।

प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के सत्ता संभालने के बाद 17वीं विधानसभा का पहला सत्र चालू है। सत्र का पहला दिन कल राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान हंगामे की भेंट चढ़ गया था। आज दूसरे दिन विधानसभा तथा विधान परिषद में सत्र चलेगा। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के बाद 19 मार्च को योगी आदित्यनाथ की सरकार ने अपना कार्यभार संभाला था। कल उत्तर प्रदेश की 17वीं विधानसभा के प्रथम ग्रीष्मकालीन सत्र की शुरुआत हुई थी। आज विधानसभा के सत्र का दूसरा दिन है।

आज विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होने के साथ जीएसटी बिल पर भी चर्चा होगी। कल हंगामे के कारण आज दिन में 11 बजे तक सदन को स्थगित किया गया था। उत्तर प्रदेश विधानसभा का सत्र 22 मई तक चलेगा। माना जा रहा है कि आज भी विपक्ष कानून व्यवस्था के मुद्दे को लेकर योगी सरकार को घेरने का मन बना रहा है। ऐसे में आज भी सदन में हंगामे की उम्मीद है।

पहली बार दूरदर्शन पर प्रसारण

पहली बार विधानसभा के प्रथम सत्र की कार्यवाही दूरदर्शन के जरिये सीधे प्रसारित हो रही है। 15 से 22 मई तक प्रस्तावित सत्र में सरकार उप्र राज्य वस्तु एवं सेवा कर विधेयक भी पेश करेगी।

पहले से ही तय था हंगामा

विपक्ष वैसे पहले ही सरकार पर हमले की रणनीति बना चुका था। विपक्ष की ओर से योगी सरकार पर पहला हमला कानून व्यवस्था को लेकर किया जाना था। ब्याज सहित गन्ना मूल्य भुगतान, समाजवादी पेंशन बंद किए जाने और प्रदेश में विकास कार्य ठप रहने के मुद्दों पर भी सरकार को विपक्ष घेरने की कोशिश करेगा।

विधानसभा अध्यक्ष ह्रदय नारायण दीक्षित ने रविवार को सर्वदलीय बैठक में सदन शांतिपूर्वक चलने की अपील की थी। कल सदन की कार्यवाही की शुरुआत होते विपक्ष में मौजूद सपा नेताओं ने योगी सरकार को लेकर नारेबाजी की। साथ ही विधानसभा के सदन में काफी उत्पात मचाया गया। जिसके चलते यूपी विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही को पहले दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित किया। इसके बाद आज 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया था।

राज्यपाल पर फेंके गए कागज के गोले

यूपी विधानसभा के दोनों सदनों के अभिभाषण के दौरान कल राज्यपाल राम नाईक पर कागज को गोले फेंके गए। यह कारनामा भी सदन में मौजूद विपक्ष समाजवादी पार्टी के नेताओं के नाम रहा। सदन में विधायकों के इस व्यवहार से राज्यपाल नाराज हो गए थे। उन्होंने कहा कि समूचा उत्तर प्रदेश आपको देख रहा है। विधायकों का सदन में यह व्यवहार ठीक नहीं है। हालांकि राज्यपाल ने भारी हंगामे के बीच अभिभाषण जारी रखा था।

Leave a Reply

Exit mobile version