featured

नामी हस्तियों को अवॉर्ड देगा विराट कोहली का फाउंडेशन, जानिए…

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कोच अनिल कुंबले का नाम इस साल के बेस्ट कोच की दौड़ में है। खेल की नामचीन हस्तियों को हाल में ‘इंडियन स्पोर्ट्स हॉनर्स’ के तहत अवॉर्ड दिए जाएंगे। कार्यक्रम का आयोजन आरपी-एसजी ग्रुप करा रहा है, जिसमें भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली के फाउंडेशन की साझेदारी है। बता दें कि इससे पहले कुंबले और विराट के बीच इस साल बड़ा विवाद पनपा था। जून में इंग्लैंड में खेली गई चैंपियंस ट्रॉफी के वक्त दोनों के बीच खटास आ गई थी। मामला इतना बढ़ गया कि कुंबले को अपनी कुर्सी से हाथ तक धोना पड़ा था।

बुधवार को अवॉर्ड्स के लिए खेल हस्तियों को नामित किया गया। उसमें कई भारतीय क्रिकेटरों के नाम भी थे। मुंबई में 11 नवंबर को इसके विजेताओं का ऐलान किया जाएगा। कार्यक्रम में आठ श्रेणियों के तहत खिलाड़ी सम्मानित होंगे, जिसमें बेस्ट कोच, स्पोर्ट्समैन ऑफ द इयर और इमर्जिंग स्पोर्ट्सवीमेन ऑफ द इयर जैसे अवॉर्ड्स हैं। बेस्ट कोच के अवॉर्ड की दौड़ में क्रिकेट श्रेणी से कुंबले का नाम है। वहीं, उन्हें टक्कर देने के लिए जिम्नास्टिक्स से विश्वेश्वर नंदी, कब्बडी से बलवान सिंह, हॉकी से हरेंद्र सिंह और गोल्फ से विजय दवेचा जैसे नाम हैं।

उधर, स्पोर्ट्समैन ऑफ द इयर अवॉर्ड के लिए भारत के चेतेश्वर पुजारा, आर. अश्विन और हार्दिक पांड्या आपस में टक्कर देते नजर आ रहे हैं। यहां उनका मुकाबला कब्बडी से प्रदीप नारवाल, भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री और हॉकी प्लेयर रुपिंदर पाल सिंह से है। अवॉर्ड की ज्यूरी में भारतीय टीम के पूर्व भारतीय बैडमिंटन स्टार और मुख्य कोच पुएला गोपीचंद, ग्रैंड स्लैम विनर रहे महेश भूपति, पूर्व धावक पीटी ऊषा, पूर्व शूटर अंजलि भागवत और हॉकी टीम के पूर्व कप्तान अर्जुन हल्लपा हैं।

Leave a Reply

Exit mobile version