featuredदेश

एमसीडी चुनाव: दिल्‍ली यूनिवर्सिटी के सर्वे में भी बीजेपी को प्रचंड बहुमत, बाकी 20 फीसदी सीटों पर आप-कांग्रेस को जीत

दिल्‍ली यूनिवर्सिटी रिसर्च सेंटर द्वारा किए गए एक सर्वे में नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 214 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। इसके अनुसार, अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी दूसरे नंबर पर रहेगी और कांग्रेस पिछड़कर तीसरे पायदान पर चली जाएगी। हिंदुस्‍तान टाइम्‍स की रिपोर्ट के अनुसार डीयू के डेव‍लपिंग कंट्रीज रिसर्च सेंटर (DCRC) ने 14-21 अप्रैल के बीच 272 वार्डों के 39,147 वोटरों पर सर्वे किया था। इस सर्वे में तीनों नगर निगमों में बीजेपी को प्रचंड बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है। इसके मुताबिक, पूर्व में बीजेपी को 50 सीटें, उत्‍तर में 78 तथा दक्षिण नगर निगम में 86 सीटें मिल रही हैं। दूसरी तरफ, आम आदमी पार्टी कुल 29 सीटों के साथ दूसरे स्‍थान पर रहेगी, ऐसा अनुमान डीयू के सर्वे में लगाया गया है। AAP को पूर्व में 7, उत्‍तर में 13 और दक्षिण में 9 सीटें मिलती दिख रही हैं। कांग्रेस को 24 सीटें- पूर्व में 5, उत्‍तर में 12 और दक्षिण में 7 सीटें मिल रही है। चुनाव परिणाम 26 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे।

चुनाव से पहले वोटरों से जानकारी जुटाने के लिए डीयू कॉलेजों के छात्र विभिन्‍न इलाकों में गए थे। एक पेज के प्रश्‍नोत्‍तर में वोटरों से जानकारी मांगी गई थी। DCRC के मीडिया को-ऑर्डिनेटर राजेश कुमार ने एचटी से कहा, ”नतीजें DCRC की एक रिसर्च टीम द्वारा कंपाइल और एनालाइज किए गए हैं। 305 सदस्‍यों की एक टीम, जिसमें 272 स्‍टूडेंट्स थे, ने सभी वार्डों का सर्वे किया।”

नगर निगम चुनाव के लिए रविवार (23 अप्रैल) को शाम 5.30 बजे मतदान समाप्‍त होगा। विभिन्‍न एग्जिट पोल्‍स में भी बीजेपी को बड़ी जीत मिलते दर्शाया गया है। एबीपी न्‍यूज-सी वोटर के एग्जिट पोल में बीजेपी को 218 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है, जो कि कुल सीटों का करीब 80 फीसदी है। इसके अनुसार, एमसीडी में आप को 24 तथा कांग्रेस को 22 सीटें मिलेंगी। अन्‍य के खाते में 8 सीटें जाने का अनुमान है। इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया ने अपने एग्जिट पोल में बीजेपी को तीन-चौथाई सीटें (202-220) मिलने की बात कही है। इसके मुताबिक, दिल्‍ली में आप को 23-35 सीटें व कांग्रेस को 19-31 सीटें मिलेंगी।

हाल के दिनों में बीजेपी विजय-रथ पर सवार रही है। लंबे समय से कांग्रेस का गढ़ रहे मराठवाड़ा के लातूर निकाय चुनावों में बीजेपी ने पहली बार जीत हासिल की है। बीजेपी ने लातूर म्युनिसिपल कॉरपोरेशन की 70 सीटों में से 36 पर जीत हासिल की है। इस साल कुछ सीटों पर हुए उपचुनावों में भी भाजपा का प्रदर्शन बढ़‍िया रहा है।

 

Leave a Reply

Exit mobile version