featuredदेश

प्रेम कुमार धूमल होंगे भाजपा के सीएम उम्मीदवार: अमित शाह

भारतीय जनता पार्टी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पद के अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। प्रेम कुमार धूमल को भाजपा ने अपना सीएम उम्मीदवार बनाया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को यह एलान किया है। प्रेम कुमार धूमल पहले भी हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। साल 1998 में हिमाचल प्रदेश में भाजपा और हिमाचल विकास कांग्रेस के गठबंधन की सरकार बनी थी, इस दौरान 1998 से 2003 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद साल 2007 से 2012 तक एक बार फिर वे मुख्यमंत्री रहे। इसके अलावा वे हिमाचल प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

बता दें, हिमाचल प्रदेश में अभी कांग्रेस की सरकार है और वीरभद्र सिंह बतौर मुख्यमंत्री इसका नेतृत्व कर रहे हैं। 68 विधानसभा सीटों में से अभी कांग्रेस के पास 36 और भाजपा के पास 28 हैं। राज्य में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 9 नवंबर को होंगे। वहीं चुनावों का परिणाम गुजरात के साथ 18 दिसंबर को जारी किए जाएंगे।

बता दें, विधानसभा चुनाव से पहले आए सर्वे के मुताबिक हिमाचल प्रदेश में इस बार कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ सकता है। वहीं सर्वे में भारतीय जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत के आसार बताए गए हैं। सर्वे के मुताबिक कांग्रेस को 68 में से 22 से 28 और भारतीय जनता पार्टी को 39 से 45 सीटें मिल सकती हैं। वहीं अन्य के खाते में 0 से 3 सीटें जा सकती हैं।

इसके अलावा इंडिया टुडे ग्रुप और AXIS MY INDIA ने भी हिमाचल प्रदेश में प्री पोल सर्वे करवाया है। इस सर्वे के अनुसार भी राज्य में बीजेपी को बढ़त मिलती दिख रही है। वोट शेयर की बात करें तो बीजेपी के 49 फीसदी वोट मिल सकते हैं वहीं कांग्रेस सिर्फ 38 प्रतिशत पर ही सिमट सकती है। वहीं अन्य के खातों में 13 प्रतिशत वोट पड़ सकता है। सीटों की बात करें तो सर्वे में सर्वाधिक सीटें भाजपा को मिलती दिख रही। राज्य में भाजपा 43-47 सीटों के साथ फिर से सरकार बनाती दिख रही है। कांग्रेस को 21 से 25 जबकि अन्य के खाते में 0-2 सीटें आ सकती हैं।

Leave a Reply

Exit mobile version