Friday, April 26, 2024
featuredदिल्ली

बेइज्जती का बदला लेने के लिए की सेल्स गर्ल को मारा

SI News Today

लाजपत नगर में हुए सेल्स गर्ल पूजा के कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने सूफियान नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक सूफियान ने अपनी गर्लफ्रेंड की बेइज्जती का बदला लेने के लिए पूजा का मर्डर किया था। बीते 27 मार्च को अमर कॉलोनी इलाके स्थित सेल्स गर्ल पूजा पासवान की उसके घर में लाश मिली थी। पुलिस के पास इस मामले में कोई सबूत नहीं था। कातिल ने मौका-ए-वारदात पर कोई भी सुराग नहीं छोड़ा था। शुरुआती जांच के बाद पुलिस इसे लूटपाट को लेकर किया गया कत्ल मानते हुए जांच कर रही थी। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान संदेह के आधार पर पूजा के दोस्तों से पूछताछ शुरू की गई। संदेह बढ़ता गया और सुराग की कड़ियां जुड़ती गर्इं।

पूजा के दोस्त सूफियान ने पुलिस के सख्ती से कत्ल की गुत्थी का पर्दाफाश कर दिया। उसने बताया कि वह और उसका दोस्त समीर पूजा और नैना से क्लब में मिले थे। चारों साथ घूमने-फिरने लगे। पूजा जहां समीर के नजदीक आ गई वहीं नैना और सूफियान के बीच भी नजदीकियां बढ़ने लगीं। इसी बीच किसी बात को लेकर पूजा और नैना का झगड़ा हो गया। सूफियान ने पूजा को 35 हजार रुपए उधार दिए थे। झगड़ा होने के बाद नैना अक्सर सूफियान को भड़काने लगी। सूफियान ने पूजा से पैसे वापस मांगे तो वह आनाकानी करने लगी। वहीं नैना भी सूफियान को उसके अपमान का बदला लेने के लिए उकसाने लगी। सूफियान ने एक योजना बनाई और गिफ्ट देने के बहाने पूजा के घर जा पहुंचा। उसने पूजा से कहा कि वह अपनी आंखें बंद करे ताकि वह उसे सरप्राइज दे सके। गिफ्ट बॉक्स में सूफियान चाकू रखकर ले गया था। पूजा के आंखें बंद करते ही सूफियान ने बॉक्स से चाकू निकालकर उसका गला रेत दिया।

SI News Today

Leave a Reply