featuredदेश

ये चाय वाला अपने कर्मचारियों को सोने की अंगूठी देता है गिफ्ट में

शिकागो टी स्टॉल का मालिक अपने कर्मचारियों को सोने की अंगूठी गिफ्ट में देता हैं और इसके साथ-साथ ही वह अपने कर्मचारियों को बोनस और पांच सितारा हॉटल में खाना भी खिलाता है। आप सोच रहे होंगे कि शिकागो में यह सब करना एक टी स्टॉल मालिक के लिए बहुत आसान होगा लेकिन आपको हम बता दें कि यह मामला भारत के चेन्नई शहर का है। केरल से तमिलनाडू आकर बसने वाले सुकमारन ने यहां एक टी स्टॉल खोला जिसका नाम उन्होंने शिकागो टी स्टॉल रखा। पिछले तीन दशकों से सुकमारन अपने कर्मचारियों को अच्छी जिंदगी जीने के लिए उन्हें सोने की अंगूठी, अच्छी सैलरी, बोनस और कपड़े खरीदने के लिए अलग से पैसे देते हैं।

इसके अलावा सुकमारन अपने कर्मचारियों को पांच सितारा हॉटल में लंच के लिए भी ले जाते हैं। नई दुनिया के अनुसार सुकमारन 33 साल पहले केरल से तमिलनाडू नौकरी की तलाश में आए थे। यहां पर उन्होंने कई टी स्टॉल पर काम किया लेकिन एक टी स्टॉल पर काम करने के दौरान उनका अपने मालिक से झगड़ा हो गया था और इसके बाद उन्होंने अपना खुद का टी स्टॉल खोलने का फैसला किया। उन्होंने अपना टी स्टॉल खोला और उसका नाम शिकागो टी स्टॉल रखा। उन्होंने अपने स्टॉल का नाम शिकागो के नाम इसलिए रखा क्योंकि 1864 में शिकागो में श्रमिक आंदोलन हुआ था जिसमें कर्मचारियों से 8 घंटे से ज्यादा काम न कराने की बात उठाई गई थी, इसलिए उस आंदोलन से प्रेरित होकर सुकमारन ने अपने टी स्टॉल का नाम शिकागो के नाम पर रखा है।

बता दें कि सुकमारन की दुकान पर रोजाना हजारों की संख्या में ग्राहक आते-जाते हैं। इनमें कई लोग तो ऐसे हैं जो कि 10 सालों से सुकमारन की दुकान की ही चाय पी रहे है। सुकमारन प्रति दिन अपने हेड कुक को 740 रुपए, चाय बनाने वाले को 540 और अन्य कर्मचारियों को 400-400 रुपए देते हैं। इसके साथ ही सुकमारन सभी कर्मचारियों को रहने के लिए घर और रोजाना मुफ्त में भोजन की सुविधा देते है। इस दुकान को खोलने से पहले सुकमारन ने फैसला किया था कि वे अपने कर्मचारियों का कभी भी शोषण नहीं करेंगे और उन्हें हर प्रकार की सुविधा मुहैया कराएंगे। जो कर्मचारी साल में 300 दिन काम करते हैं सुकमारन उन्हें सोने की अंगूठी उपहार में देते है और हर साल अपने सभी कर्मचारियों को 5 मई को लैबर डे के मौके पर पांच सितारा हॉटल में लंच कराते है।

Leave a Reply

Exit mobile version