Tuesday, January 14, 2025
featuredदिल्ली

AAP के तीन विधायकों के खिलाफ FIR

SI News Today

दिल्ली पुलिस ने विधानसभा परिसर में एक महिला के साथ कथित दुर्व्यवहार करने और अपशब्दों के इस्तेमाल के मामले में आम आदमी पार्टी के तीन विधायकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आप ने प्राथमिकी को ‘बदले की राजनीति’ से प्रेरित बताया और महिला पर ‘आदतन अपराधी’ होने का आरोप लगाया। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) जतिन नरवाल ने कहा कि तीन विधायकों में अमानतुल्ला खान (ओखला), सोमनाथ भारती (मालवीय नगर) और जरनैल सिंह (तिलक नगर) हैं। पुलिस ने कहा कि इन विधायकों पर महिला को अपमानित करने के इरादे से उसके साथ हाथापाई करने और उसे आहत करने वाले शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप है।

सूत्रों ने कहा कि घटना 28 जून की है और 29 जून को महिला द्वारा बयान दर्ज कराये जाने के बाद पुलिस ने मामले में कानूनी राय मांगी है। फरियादी महिला ने अपने बयान में तीनों विधायकों पर ये आरोप लगाये हैं। महिला ने दावा किया, ‘‘मैं सदन की कार्यवाही देखने गयी थी, लेकिन दर्शक दीर्घा का पास नहीं मिल सका। जब मैं इमारत के बाहर खड़ी थी तो खान और सिंह समेत कुछ लोग मेरी तरफ आये जो वहां हो रहे हंगामे में शामिल थे।’’महिला ने कहा कि उन्होंने उसे धक्का दिया। बाद में उसे एक कमरे में ले जाया गया जहां उसके साथ सिंह और खान ने मारपीट की और धमकाया। बाद में वहां भारती भी आ गये जिन्होंने महिला के लिए अपशब्द बोले।

पुलिस ने कहा कि वे क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरे देख रही है। भारती ने प्राथमिकी को एक विधायक के अधिकारों का हनन बताया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘यह प्राथमिकी पूरी तरह असंवैधानिक भी है।’’ भारती ने आरोप लगाया कि विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता महिला को विधानसभा परिसर में लाये थे। घटना के संदर्भ में गुप्ता ने कहा कि उनके कार्यालय ने महिला का प्रवेश कराया था लेकिन यह केवल उनके कार्यालय तक था, सदन तक नहीं। आप नेता संजय सिंह ने इस घटनाक्रम को ‘बदले की राजनीति’ से प्रेरित बताया।

आप की दिल्ली इकाई के संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आप विधायकों के खिलाफ मामलों में दिल्ली पुलिस का रिकार्ड बहुत खराब है। आप की महिला इकाई की अध्यक्ष भावना गौर और आप विधायक अल्का लांबा ने दावा किया कि फरियादी महिला ने पहले भी अन्य लोगों के खिलाफ इस तरह के आरोप लगाये हैं। भावना ने कहा, ‘‘फरियादी ने कुछ महीने पहले एक आप नेता को थप्पड़ जड़ दिया था। उसने अपने मकान-मालिक, उनके बेटों और एक और व्यक्ति के खिलाफ भी ऐसी शिकायतें दर्ज कराई थीं जिन्होंने उसे कुछ पैसा उधार दिया था।’’ हालांकि महिला के पति ने दावा किया कि आप नेता जिस मामले की बात कर रही हैं, वह महिला के मकान मालिक से जुड़ा नहीं है बल्कि एक संपत्ति विवाद से जुड़ा है। मामला अदालत में है।

SI News Today

Leave a Reply