Tuesday, April 30, 2024
featuredउत्तर प्रदेश

कांग्रेस ने वीडियो बनाकर बोला था योगी पर हमला, BJP ने भी बनाई क्लिप….

SI News Today

कर्नाटक विधानसभा चुनावों के समीप आते ही भाजपा और कांग्रेस में आरोप-प्रत्‍यारोप का दौर भी शुरू हो चुका है। दोनों ओर से लगातार एक दूसरे पर जुबानी हमले बोले जा रहे हैं। उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के कर्नाटक दौरे के बाद से यह प्रक्रिया और तेज हो गई है। योगी ने राज्‍य के मुख्‍यमंत्री सिद्दारमैया की कड़ी आलोचना की थी। इसके जवाब में कांग्रेस ने एक वीडियो बनाकर उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री को जवाब दिया था। अब भाजपा ने कांग्रेस को उसी की भाषा में वीडियो बनाकर जवाब दिया है। कर्नाटक में विपक्ष की भूमिका निभाने वली भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर हिंदुओं की हत्‍या कराने और किसानों को रुलाने तक का आरोप लगाया है। इसमें मुख्‍यमंत्री सिद्दारमैया के साथ कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी की भी आलोचना की गई है।

भाजपा ने नया वीडियो जारी कर लिखा है, ‘काम जो कर लिया होता पांच साल में तिनका भर, यूं रेसिपी नहीं बना रहे होते कांग्रेस के राजकुंवर।’ वीडियो में कुछ हिंदू लोगों की तस्‍वीरें लगाई गई हैं, जिनकी हत्‍या कर दी गई है। दरअसल, कर्नाटक यात्रा के दौरान योगी आदित्‍यनाथ ने कर्नाटक के मुख्‍यमंत्री सिद्दारमैया के हिंदू होने पर सवाल उठाया था। इसके बाद से कांग्रेस भी हमलावर हो गई थी और वीडियो जारी कर भाजपा की कड़ी आलोचना की थी। इसके बाद कर्नाटक के सीएम ने खुद के 100 प्रतिशत हिंदू बताया था। ताजा वीडियो में भाजपा ने कर्नाटक की कांग्रेस की सरकार पर सारा पैसा डकारने और जनता को तड़पाने का आरोप लगाया है। साथ ही ‘भगवा धारण और मंदिरों में जाकर घंटा बजाने’ को लेकर भी सवाल उठाए हैं। भाजपा ने कांग्रेस सरकार को काम करने की भी नसीहत दी है।

गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में जीत से उत्‍साहित भाजपा कर्नाटक में भी सरकार बनाने की जुगत में है। इसको लेकर अभी से ही चुनावी अभियान शुरू कर दिया गया है। भाजपा के वरिष्‍ठ नेताओं के अलावा कर्नाटक के पूर्व मुख्‍यमंत्री बीएस येद्ययुरप्‍पा ने कमान संभाल रखी है। दूसरी तरफ, कांग्रेस की ओर से मुख्‍यमंत्री सिद्दारमैया खुद मैदान में हैं। कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता एम. वीरप्‍पा मोइली विशेष तौर पर कर्नाटक में कैंप कर रहे हैं।

SI News Today

Leave a Reply