अभिनेत्री कंगना रनौत आज बॉलीवुड में कामयाब हैं, पर प्यार में उनके साथ नाकामी ही जुड़ी है। वह भी एक नहीं, कई-कई बार। उनका नाम सबसे पहले आदित्य पंचोली से जुड़ा। दोनों के रिश्ते काफी परवान चढ़ गए थे, पर कॅरिअर में ऊंचाई के साथ कंगना का पंचोली से रिश्ता नीचे गिरते गया। हिमाचल प्रदेश के भामला कस्बे में जन्मी कंगना रनौत ने कम उम्र मेें ही एक्टिंग करने का फैैैैसला कर लिया था। तभी वह 15 साल की उम्र में ही दिल्ली आ गई थीं। दिल्ली में कुछ थिएटर करने के बाद वह मुंबई पहुंचींं। वहां उनका कड़ा संघर्ष शुरू हुआ। संघर्ष के बीच ही प्यार की कहानी भी शुरू हुई। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, कंगना की पहली लव स्टोरी की शुरुआत 27 जून 2004 से होती है। उस दिन तेज बारिश हो रही थी। उसी बारिश में कंगना ऑडिशन देकर जुहू ताना रोड से कहीं जा रही थीं। तभी उनकी नजर आदित्य पंचोली पर पड़ी। वह पंचोली की कार के पास पहुंचीं। बातचीत हुई और उनका फोन नंबर भी ले लिया। इस उम्मीद में कि शायद कॅरिअर बनाने में कुछ मदद मिल सके। मदद तो मिली, लेकिन प्यार का सिलसिला भी चल पड़ा।
मुंबई मिरर अखबार को दिए इंटरव्यू (21 जून 2008) में आदित्य पंचोली ने प्यार का इकरार भी किया था। उन्होंने बताया,”कंगाना मुलाकात के लिए लगातार कॉल करती रही और इसी बीच मुझे उस प्यारी सी लड़की से प्यार हो गया था।” दोनों के बीच मुलाकातें और नजदीकियां बढ़ने लगीं। खबरें ऐसी भी हैं कि एक महीने बाद ही आदित्य पंचोली ने कंगना के लिए मुंबई में रहने का अच्छा बंदोबस्त कर दिया था। उन्हें हॉस्टल से अपने एक दोस्त के फ्लैट में शिफ्ट करा दिया था। टाइम्स ऑफ इंडिया को दिए इंटरव्यू (23 जून 2008) में तो आदित्य पंचोली ने खुल कर कंगना से अफेयर की बात मानी थी। उन्होंने कहा था, “हम बिलकुल पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। मैं अपने और कंगना के लिए यारी रोड पर एक घर भी बनवा रहा था। हम तीन साल तक एक दोस्त के घर रहे।” पार्टियों में भी दोनों साथ नजर आते थे। बात यहां तक बढ़ी कि पंचोली ने अपनी बेटी की जगह कंगना को फिल्म में रखवाया।
टेलीग्राफ की एक रिपोर्ट (11 जनवरी 2009) के मुताबिक 2007 में आई फिल्म “शकालाका बूम बूम” में आदित्य पंचोली की बेटी सना को साइन कर लिया गया था। सना फिल्म के शूट के लिए दक्षिण अफ्रीका पहुंच चुकी थी, लेकिन अचानक उन्हें वापस भेज दिया गया और उनकी जगह कंगना रनौत को लाया गया। कहा जाता है कि ऐसा आदित्य की सिफारिश के बाद ही हुआ था। इसके बाद “फैशन” समते कई फिल्में मिलने के बाद कंगना का सितारा बुलंद हो गया। पर, पंचोली से उनके रिश्तों पर काले बादल छाने लग गए थे। एक इंटरव्यू में आदित्य ने बताया था, “कंगना शूट के लिए दक्षिण अफ्रीका में थी। मैंने उसके फोन के मैसेज पढ़े जो उसने अपने एक को-स्टार को भेजे थे। कंगना ने उन शब्दों का इस्तेमाल किया था जो वो मेरे लिए करती थी। वो पहला मौका था जब मैंने उस पर हाथ उठाया था। हम लड़े, लेकिन फिर सुलह हो गई।”
खबर के मुताबिक एक और मौके पर आदित्य ने कंगना पर हाथ उठा दिया था। दरअसल, एक पार्टी में कंगना को ढूंढते हुए आदित्य वहां पहुंच गए थे। कंगना उन्हें देखते ही पार्टी से निकल गईं और गुस्साए आदित्य उनका पीछा करते रहे। उन्होंने बीच सड़क पर उस ऑटो का रास्ता रोक लिया जिसमें कंगना सवार थीं। उन्हें जबरन ऑटो से उतार लिया। खबरों के मुताबिक दोनों के बीच झगड़ा हुआ और आदित्य ने कंगना पर हाथ उठा दिया। मुंबई मिरर के मुताबिक आदित्य ने इस झगड़े को लेकर दावा किया कि कंगना ने उनके साथ धोखा किया।
आदित्य से रिश्ता खत्म होने के बाद कंगना का नाम जुड़ा शेखर सुमन के बेटे अध्ययन से। राज 2 में दोनों ने पहली बार साथ काम किया और इसके बाद दोनों साथ-साथ नजर आने लगे थे और अफेयर्स की खबरें उफान पर थीं। इस बात से अध्ययन के पिता शेखर सुमन खुश नहीं थे। सुमन ने एक इंटरव्यू में कह दिया कि अध्ययन को प्यार नहीं, आकर्षण हुआ था। इस बयान के बाद अध्ययन और कंगना के रिश्तों में भी तनाव बढ़ने लगा। एक पार्टी में शेखर सुमन और कंगना के बीच बहस की खबरें भी सुर्खियों में रही थीं।
इसके बाद फिल्म “वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई” में कंगना रनौत और अजय देवगन एक साथ नजर आए। उनकी करीबी दोस्ती की खबरें भी सामने आने लगीं। स्टारडस्ट मैग्जीन ने दोनों के कथित अफेयर की एक रिपोर्ट छापी। स्टोरी में दावा किया गया था कि अजय के कहने के बाद ही कंगना को “रास्कल” और “तेज” फिल्मों के लिए साइन किया गया था। कथित अफेयर को लेकर स्टोरी में यह दावा भी किया गया कि कंगना अजय को लेकर सीरियस थीं और उन पर शादी के लिए दबाव बना रही थी। खबर में यह दावा भी किया गया कि कंगना ने अजय को रिश्ते के बारे में सीरियस नहीं होने पर अपनी कलाई काटने की धमकी भी दी। हालांकि, इन खबरों में कितनी सच्चाई थी, इसे लेकर दोनों ने कभी कुछ नहीं कहा। न ही इसे झूठ बताया।