Saturday, July 27, 2024
featured

बुरी खबर: पहले टी20 में मजा किरकिरा कर सकती है बारिश…

SI News Today

भारत और अॉस्ट्रेलिया के बीच कल (7 अक्टूबर) होने वाले पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच का मजा बारिश किरकिरा कर सकती है क्योंकि शुक्रवार को जहां रांची में दोपहर बाद जोरदार वर्षा हुई वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी बारिश की संभावना जताई है। रांची स्थित बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक ए वदूद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण रांची समेत समस्त राज्य में सात अक्तूबर से दस अक्तूबर तक ज्यादा बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार राज्य के दक्षिण एवं मध्य हिस्सों में विशेष तौर पर तेज वर्षा होने की संभावना है। राजधानी रांची राज्य के वर्षा से प्रभावित होने वाले हिस्से में ही आती है।

इससे पहले शुक्रवार दोपहर एक बजे से दो बजे तक रांची में जमकर बारिश हुई, जिसके चलते जेएससीए का क्रिकेट मैदान कवर करना पड़ा।पूरी तरह कवर करने के बावजूद मैदान का बड़ा हिस्सा पूरी तरह गीला हो गया। जेएससीए के मीडिया प्रभारी अजयनाथ शाहदेव ने बताया कि आज दोपहर डेढ़ बजे से भारतीय टीम को मैदान पर अभ्यास करना था, लेकिन वह वर्षा के कारण विराट कोहली और उनके साथी अभ्यास नहीं कर पाए। उन्होंने इंडोर स्टेडियम में अभ्यास किया। शाम को मैदान में पांच बजे से अॉस्ट्रेलियाई टीम को भी अभ्यास करना है, जिसकी संभावना कम है। बारिश के चलते अॉस्ट्रेलियाई टीम को भी इंडोर स्टेडियम में ही अभ्यास करना पड़ सकता है।

SI News Today

Leave a Reply