Thursday, July 25, 2024
featured

मराठी फिल्म ‘सैराट’ के हिंदी रीमेक में साथ दिखेंगे शाहिद कपूर के भाई ईशान खट्टर और श्रीदेवी की बेटी जाह्नवी कपूर की जोड़ी

SI News Today

बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रीदेवी और निर्देशक बोनी कपूर की बेटी जाह्नवी कपूर बॉलीवुड की सबसे मशहूर स्टार किड्स में से एक हैं। खबर है कि जाह्नवी ब्लॉकबस्टर मराठी फिल्म ‘सैराट’ के हिंदी रीमेक से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली हैं। ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो ‘सैराट’ के रीमेक से उनकी बॉलीवुड में एंट्री लगभग तय है। इस फिल्म में उनके अपोजिट किरदार में बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर के भाई ईशान खट्टर दिखाई देंगे।

एक एंटरटेनमेंट पोर्टल ने इस बात की पुष्टि की है। पोर्टल ने बताया कि जाह्नवी कपूर के बॉलीवुड डेब्यू की चर्चा थी और अब इसकी आधिकारिक घोषणा हो चुकी है। मराठी फिल्म ‘सैराट’ के बॉलीवुड रीमेक को धर्मा प्रोडक्शन प्रोड्यूस करेगी जिसमें जाह्नवी और ईशान मुख्य भूमिका में होंगे। पोर्टल ने आगे कहा कि ‘सैराट’ का रीमेक जहां जाह्नवी कपूर की पहली बॉलीवुड फिल्म होगी वहीं यह ईशान की दूसरी फिल्म होगी। इसके पहले ईशान ने मजीद मजीदी के निर्देशन में बनी फिल्म फिल्म ‘बेयांड द क्लाउड्स’ में काम किया है।

जाह्नवी और ईशान को कई मौकों पर एक दूसरे के साथ देखे जाने के बाद से दोनों के बीच रिलेशनशिप के कयास लगाए जा रहे थे। ऐसे में खबर थी कि शाहिद कपूर ने अपने भाई ईशान को जाह्नवी से दूर रहने की हिदायत दी थी। उसके बाद भी दोनों प्रियंका चोपड़ा की हॉलीवुड फिल्म ‘बेवॉच’ की स्क्रीनिंग पर साथ पहुंचे थे और अब दोनों फिल्म में भी एक साथ काम करने जा रहे हैं। ‘सैराट’ के हिंदी वर्जन का निर्देशन ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ फेम डायरेक्टर शशांक खेतान कर रहे हैं जबकि मशहूर फिल्म ‘अग्निपथ’ में संगीत देने वाले अजय-अतुल इस फिल्म में संगीत का रंग भरने का काम करेंगे।

‘सैराट’ एक ब्लॉकबस्टर मराठी फिल्म है जिसे नागराज मंजुले ने निर्देशित किया था। इस फिल्म में एक प्रेमी जोड़े की कहानी है जो अंतर्जातीय विवाह करने की वजह से ऑनर किलिंग का शिकार बनती है। यह फिल्म पहली ऐसी मराठी फिल्म है जिसने 100 करोड़ की कमाई की थी। इस फिल्म में मुख्य भूमिका रिंकू राजगुरु और आकाश थोसर ने निभाई थी। ‘सैराट’ का रीमेक सिर्फ हिंदी में ही नहीं बल्कि कन्नड़, तेलुगु, पंजाबी, मलयालम और तमिल में भी बनाने की तैयारी चल रही है। हिंदी के लिए इस फिल्म का रीमेक बनाने का अधिकार करण जौहर ने हासिल किया है।

SI News Today

Leave a Reply