Saturday, July 27, 2024
featured

महेंद्र सिंह धोनी ने खुद को बताया पुरानी शराब

SI News Today

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बल्लेबाजी फार्म में निरंतरता की कमी देखने को मिली है। लेकिन इस शानदार विकेटकीपर का मानना है कि वह पुरानी वाइन की तरह हैं, जिसका स्वाद समय बीतने के साथ बेहतर होता जाता है। धोनी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में 79 गेंद में 78 रन की पारी खेली, जिससे भारत ने बल्लेबाजी के लिए मुश्किल पिच पर चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया और पूर्व भारतीय कप्तान खुश हैं कि हाल के समय में शीर्ष तीन बल्लेबाजों के अधिकांश रन बनाने के बाद उन्हें उम्दा पारी खेलने का मौका मिला।

यह पूछने पर कि उम्र बढ़ने के साथ वह कैसे बेहतर हो रहे हैं, धोनी ने तुरंत जवाब दिया, ‘‘यह वाइन की तरह है।’’ मुश्किल पिच पर रन बनाने की संतुष्टि भी धोनी के शब्दों में दिखी। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले डेढ़ साल से हमारा शीर्ष क्रम अधिकांश रन बना रहा है इसलिए मौका मिलना और रन बनाना अच्छा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह विकेट की प्रकृति है, जिसने पारी को विशेष बनाया। असमान उछाल था और कई बार गति भी। उस समय साझेदारी होना महत्वपूर्ण था। मेरे दिमाग में 250 रन का स्कोर था और हम वहां पहुंचे और केदार जाधव ने अंत तक मेरे साथ बल्लेबाजी की। यह ऐसा स्कोर था जिसका गेंदबाज बचाव कर सकते थे लेकिन उन्हें बेहतर गेंदबाजी करनी थी।

गौरतलब है कि तीसरा वनडे धोनी के लिए बेहद खास रहा। उन्होंने इस मैच में कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। अब धोनी भारत की ओर से वनडे में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन को पीछे छोड़ा, जिनके वनडे में 9378 रन थे। धोनी ने वनडे में अब 9442 रन बना लिए हैं। उनसे आगे सचिन तेंडुलकर, सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में छक्के मारने वाले बल्लेबाजों में महेंद्र सिंह धोनी पांचवे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने 322 छक्के लगाए हैं, जो सनथ जयसूर्या से महज 30 पीछे हैं।

गौरतलब है कि धोनी ने साल 2013 में ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। धोनी ने 90 टेस्ट मैचों में 4876 रन बनाए हैं, जिसमें 224 रन की पारी उनका सर्वश्रेष्ठ है। धोनी ने टेस्ट क्रिकेट में 6 शतक और 33 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं 76 वनडे में धोनी ने 1209 रन ठोके हैं, जिसमें 56 रन उनका सर्वाधिक है। धोनी ने अब तक टी20 में कोई शतक नहीं लगाया है।

SI News Today

Leave a Reply