Saturday, July 27, 2024
featured

राजेश खन्ना ने डिंपल से समुद्र में फिंकवा दी थी ऋषि कपूर की दी हुई अंगूठी

SI News Today

बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया की प्रेम कहानी बॉलीवुड की सबसे विचित्र प्रेम कहानियों में से एक है। दोनों ने एक दूसरे से मोहब्बत भी की और शादी भी लेकिन दोनों जिंदगी भर एक दूसरे से अलग ही रहे। इस अलगाव में भी एक किस्म का लगाव था। तभी तो अलग होने के बाद भी दोनों ने एक दूसरे को तलाक नहीं दिया। बॉलीवुड में दोनों की प्रेम कहानी दो ऐसे लोगों की प्रेम कहानी के रूप में याद की जाएगी जो न तो उम्र के लिए लिहाज से एक दूसरे से मेल खाते थे और न ही उनका करियर ग्राफ ही समान स्तर पर था। दोनों की जब शादी हुई तब राजेश खन्ना हिंदी फिल्मों के पहले सुपरस्टार बन चुके थे और डिंपल अभी अपनी पहली ही फिल्म कर रही थीं।

डिंपल से शादी से पहले राजेश खन्ना बॉलीवुड अभिनेत्री अंजू महेंद्रू के साथ लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहे थे। 7 सालों तक लिव इन रिलेशनशिप में रहने के बाद किसी वजह से दोनों अलग हो गए। इसी दौरान बॉलीवुड के शोमैन राजकपूर की फिल्म बॉबी में डिंपल कपाड़िया जब ऋषि कपूर के साथ मुख्य भूमिका निभा रही थीं तभी राजेश खन्ना की उन पर नजर पड़ी। राजेश खन्ना ने बिल्कुल समय न गंवाते हुए उन्हें प्रपोज कर दिया। उस समय ऋषि कपूर और डिंपल एक दूसरे के नजदीक आ रहे थे लेकिन काका की बहुत बड़ी फैन डिंपल ने इस मौके को हाथ से नहीं जाने दिया और उनका प्रपोजल स्वीकार कर लिया। कहा जाता है कि राजेश खन्ना से डिंपल की लॉयलिटी प्रूव करने के लिए उन्होंने उनकी वह अंगूठी समुंदर में फिकवा दी थी जो ऋषि कपूर ने डिंपल को गिफ्ट की थी।

16साल की उम्र में डिंपल ने अपने से 15 साल बड़े राजेश खन्ना से शादी कर ली। दोनों दो बेटियों ट्विंकल और रिंकी के माता पिता भी बने। शादी के बाद राजेश खन्ना नहीं चाहते थे कि डिंपल फिल्मों में काम करें इसलिए डिंपल फिल्मों से दूर हो गईं। काका के लगातार अपने फिल्मों में व्यस्त रहने के कारण डिंपल ने फिल्मों में वापसी का फैसला किया जो बाद में दोनों के अलग होने की वजह भी बन गया। दोनों के अलग होने के बाद राजेश खन्ना अभिनेत्री टीना मुनीम के भी संपर्क में आए लेकिन इन दोनों का रिश्ता भी ज्यादा दिनों तक नहीं चल सका।

कई सालों बाद डिंपल और राजेश एक साथ तब दिखाई दिये जब डिंपल राजेश खन्ना की पॉलीटिकल रैलियों में उनके लिए प्रचार कर रही थीं। 18 जुलाई 2012 को राजेश खन्ना का निधन हो गया। उनके आखिरी दिनों में डिंपल मजबूती के साथ उनके साथ दिखाई दीं। डिंपल को लेकर राजेश खन्ना अक्सर कहा करते थे कि वह अपनी पत्नी डिंपल से अब भी प्यार करते हैं। डिंपल ने भी एक मौके पर उनके लिए कहा था कि वह मेरे बच्चों के पिता और मेरे जिंदगी का एक अहम हिस्सा हैं। वह मेरे लिए कभी भी अनइंपॉर्टेंट नहीं हो सकते।

SI News Today

Leave a Reply