Saturday, July 27, 2024
featured

India vs Australia: रांची टेस्ट में भारत की मजबूत पकड़

SI News Today

रांची टेस्ट के आखिरी दिन लंच तक मेहमान ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट के नुकसान पर 83 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया भारत से अभी 69 रन पीछे है। शॉन मार्श 15 और पीटर हैंड्सकॉम्ब 4 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। भारत की ओर से रविंद्र जाडेजा ने तीन और इशांत शर्मा ने एक विकेट लिया है।

भारत के लिए यह सेशन काफी अच्छा रहा। इस सेशन में जहां ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबजों ने 60 रन बनाए वहीं भारत ने कल के दोनों सेट बल्लेबाजों को पविलियन भेजा।

ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी दिन अपने चौथे दिन के स्कोर दो विकेट पर 23 रनों से आगे खेलना शुरू किया। रेनशॉ और स्मिथ ने संभलकर ऑस्ट्रेलियाई पारी को आगे बढ़ाना शुरू किया। दोनों ने धीमी मगर टिककर बल्लेबाजी की। जब टीम का स्कोर 59 रन था तब इशांत शर्मा की एक गेंद पर रेनशॉ एलबीडब्ल्यू हो गए। इशांत की इस गेंद पर रेनशॉ पैर पूरा आगे नहीं ला पाए और विकेटों के सामने पकड़े गए। उन्होंने 15 रन बनाए।

भारत को सेशन की बड़ी सफलता स्टीव स्मिथ के रूप में मिली। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रविंद्र जाडेजा की गेंद पर बुरी तरह चूक गए। जाडेजा ने ओवर द विकेट गेंद फेंकी और स्मिथ ने उस पर कोई शॉट नहीं खेला। गेंद जाकर सीधा ऑफ स्टंप से टकराई। स्मिथ के चेहरे पर इसकी निराशा साफ तौर पर देखी जा सकती थी।

इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 603 रन बनाकर घोषित कर दी थी। पहली पारी के आधार पर उसने ऑस्ट्रेलिया पर 152 रनों की बढ़त बनाई थी।

SI News Today

Leave a Reply