Saturday, July 27, 2024
featuredदेश

अरुणाचल प्रदेश में वायु सेना का हेलीकॉप्टर क्रैश, 7 की मौके पर मौत…

SI News Today

अरुणाचल प्रदेश के तवांग इलाके में ट्रेनिंग के वक्त भारतीय वायु सेना का एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। शुक्रवार को हुई इस दुर्घटना में सात सैन्यकर्मियों की जान चली गई, जिसमें पांच वायु सेना के कर्मचारी थे और दो सैन्यकर्मी थे। वहीं, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। दुघर्टना के मामले में जांच के आदेश जारी किए गए हैं। घटना सुबह छह बजे भारत-चीन सीमा से तकरीबन 12 किलोमीटर दूर हुई।

वायु सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हादसा सुबह लगभग छह बजे हुआ। एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर तब ‘मैंटीनेंस मिशन’ पर था। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सात की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारी के मुताबिक, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दे दिया गया है। आधिकारिक सूत्रों की मानें, तो हेलीकॉप्टर में सेना का कम से कम एक कर्मी सवार था। माना जा रहा है कि हादसे में मरने वालों में भारतीय वायु सेना के दो पायलट भी शामिल हैं। हादसा वायुसेना दिवस से पहले हुआ है। भारतीय वायुसेना इस दिन को धूमधाम से मनाती है।

वायुसेना प्रमुख बी.एस. धनोआ ने कल कहा था कि शांतिकाल में होने वाली क्षति चिंता का विषय है। हम दुर्घटनाओं को न्यूनतम करने और अपनी संपत्ति के संरक्षण के लिए ठोस प्रयास कर रहे हैं। वह हाल के वर्षों में भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों और सेना के जेट विमानों की दुर्घटनाओं का हवाला दे रहे थे। सूत्रों का कहना है कि बचाव दल भारत-चीन सीमा पर स्थित तवांग में घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। घायल कर्मी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एमआई-17 रूस में बना सैन्य परिवहन हेलीकॉप्टर है।

SI News Today

Leave a Reply