Saturday, July 27, 2024
featuredदेश

अवैध संबंध के शक में पति ने पत्‍नी पर आरी से किया हमला

SI News Today

देश में लोगों के अंदर से इंसानियत खत्म होती जा रही है। अगर लोगों के सामने कोई वारदात घटित होती है तो वे उसे रोकने या उसके खिलाफ आवाज़ उठाने के बजाए तमाशबीन बने रहते हैं और वहां खड़े होकर घटना का वीडियो बनाते हैं। ऐसी ही एक घटना हरियाणा में देखने को मिली जहां पर एक पति आरी से अपनी पत्नी पर हमला किया जा रहा था और पड़ोसी उस रोती हुई महिला का वीडियो ले रहे थे। यह मामला जींद जिले का है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की जांच कर रहे सब इंसपेक्टर राम मेहर ने बताया कि उन्हें फोन पर सूचना दी गई कि बरौली गांव में एक महिला पर तेजधार हथियार से वार किया गया है।

यह सुनते ही राम मेहर और उनकी टीम मौके पर पहुंची तो उन्होंने देखा कि महिला दर्द के कारण रो रही थी। वहीं उसके पड़ोसी उसका वीडियो बना रहे थे। राम मेहर ने उन्हें वीडियो बनाने से मना किया और महिला को पास के ही अस्पताल में भर्ती कराया गया जिसके बाद उसे सोनीपत के खानपुर कलन स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। महिला की हालत में अब काफी सुधार है। राम मेहर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 323, 324 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किए गए हथियार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

पीड़िता संजू द्वारा पुलिस में दिए गए बयान के अनुसार उसने बताया कि उसके पति नरेश ने उसके पेट, कंधे और घुटने में आरी से कई वार किए। संजू ने बताया कि उस इस वारदात को इसलिए अंजाम दिया क्योंकि नरेश को संजू के किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध होने का शक था। 30 जून को नरेश शराब के नशे में धुत होकर घर आया और उसने संजू की आंख में मिर्ची का पाउडर डाल दिया। इसके बाद उसने संजू के ऊपर हमला किया। जब वह दर्द के कारण रोने और चिल्लाने लगी तो पड़ोसी इकट्ठा हो गए। संजू को बचाने की जगह पड़ोसियों ने उसका वीडियो बनाना शुरु कर दिया। इसी बीच आरोपी संजू को जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गया।

SI News Today

Leave a Reply