Saturday, July 27, 2024
featuredदेश

उजमा की पाकिस्तान से घर वापसी पर बोलीं सुषमा स्वराज- स्वागत है भारत की बेटी

SI News Today

पाकिस्तान में एक व्यक्ति से शादी करने को मजबूर की गई भारतीय महिला उजमा आज (25 मई) देश लौट आई हैं। उजमा वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत आई हैं। उजमा ने आरोप लगाया था कि एक पाकिस्तानी शख्स ने बंदूक की नोक पर उनसे शादी की थी। उजमा के भारत आने के बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया, भारत की बेटी का स्वागत है। तुम्हें जो सहना पड़ा उसके लिए सॉरी। वहीं उजमा की वापसी पर उनके भाई वसीम अहमद ने कहा कि बहन की वापस आने की खबर से वह काफी खुश हैं। उसकी फ्लाइट लेट हो गई है, इसलिए पता नहीं है कि वह दिल्ली कब पहुंचेगी। उन्होंने कहा सुषमा स्वराज लगातार उनको उजमा के बारे में अपडेट करती रही हैं। केंद्र सरकार ने उनकी पूरी मदद की है। विदेश मंत्रालय और सुषमा स्वराज का बहुत-बहुत धन्यवाद।

उजमा ने पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग में शरण ली थी और मदद की अपील की थी। इसके बाद अब इस्लामाबाद हाईकोर्ट ने उजमा को वाघा बॉर्डर तक सुरक्षा देने के लिए कहा था। उजमा ने पाकिस्तान स्थित इंडियन हाई कमीशन में एक पाकिस्तानी नागरिक ताहिर अली पर आरोप लगाया था कि उसने बंदूक की नोक पर जबरन शादी की है। 20 वर्षीय उजमा भारतीय नागरिक हैं। वह दिल्ली में रहती हैं और पेशे से डॉक्टर हैं। उजमा इस महीने की शुरूआत में पाकिस्तान गई थीं। उसने ताहिर अली पर आरोप लगाया कि उसने तीन मई को पाकिस्तान में उसके साथ जबरन शादी की थी। उजमा ताहिर से मलेशिया में कई बार मिली थी और उससे प्रेम करती थी। उजमा ने इस्लामाबाद उच्च न्यायालय में 13 मई को याचिका दायर कर अनुरोध किया था कि उसे तत्काल घर लौटने की इजाजत दी जाए क्योंकि वह शादीशुदा हैं और उनके एक बेटी है, जो भारत में है और थेलेसीमिया से पीड़ित है।

पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा कि उजमा ने यह नहीं बताया था कि वह शादी करने के लिए पाकिस्तान जा रही हैं। उन्होंने वीजा के लिए आवेदन देते समय यह बताया था कि वो पाकिस्तान अपने रिश्तेदारों से मिलने जा रही हैं। उजमा ने पिछले हफ्ते इंडियन हाई कमीशन से संपर्क किया और यह कहा कि वो वापस भारत लौटना चाहती हैं।

SI News Today

Leave a Reply