Saturday, July 27, 2024
featuredदेश

‘धोती’ पहने शख्‍स को मॉल में घुसने से रोका

SI News Today

कोलकाता में एक शख्स को कथित रूप से एक शॉपिंग मॉल में जाने से इसलिए रोक दिया गया क्योंकि वह धोती पहने हुए था। देबलीना सेन नाम की एक फेसबुक यूजर ने दो वीडियो पोस्ट कर यह दावा किया है। सेन के मुताबिक कोलकाता के पार्क सर्किस इलाके में स्थित क्वेस्ट मॉल (Quest Mall) में एक शख्स को मॉल में सिर्फ इसलिए एंट्री नहीं दी क्योंकि वह धोती पहने हुए थे। फेसबुक पर यह पोस्ट महज 4 घंटों के अंदर ही काफी वायरल हो गई है। देबलीना सेन ने दो वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किए हैं। पहले वीडियो में पार्किंग में सुरक्षा गार्डों ने धोती पहने शख्स को मॉल में दाखिल होने से रोक दिया है। मैनेजमेंट से एक अधिकारी, रोके गए शख्स से बातचीत करते हुए वीडियो में देखा जा सकता है। देबलीना की पोस्ट के मुताबिक धोती पहने शख्स ने जब अंग्रेजी भाषा में उस अधिकारी से बातचीत की तब जाकर उसने वॉकी-टॉकी पर अपने सीनियर से आज्ञा लेने के बाद उन्हें मॉल में एंट्री दी।

वहीं दूसरा वीडियो मॉल में एंट्री मिलने के बाद का है। यहां उनकी बातचीत एक महिला अधिकारी से होती है। महिला अधिकारी वीडियो रिकॉर्ड करने से उन्हें मना करती हैं। सेन के मुताबिक मैनेजमेंट ने साफ कहा कि वह धोती या लुंगी पहने हुए लोगों को मॉल में एंट्री नहीं देते।इसके बाद सेन ने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा कि यह व्यवहार एक तरह की नस्लीय प्रोफाइलिंग कर भेदभाव करने जैसा है। उन्होंने यह भी लिखा कि वह देश के लिए शर्मिंदगी महसूस करती हैं। सेन ने अंग्रेजी में पोस्ट लिखकर पूरी घटना की जानकारी दी। वहीं वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। लगभग 4 घंटों के भीतर ही 70 हजार से ज्यादा व्यूज वीडियो को मिल चुके हैं और यह लगातार बढ़ रहे हैं।

SI News Today

Leave a Reply