कभी साथ जीने-मरने की कसम खाने वाले प्रेमी-प्रेमिका इस हद तक जा सकते हैं कि कोई सोच भी नहीं सकता। प्यार में धोखा मिलने के बाद एक प्रेमिका ने अपने प्रेमी को सबक सिखाने के लिए कुछ ऐसा ही किया। दरअसल, मामला पुणे का है यहां गुरुवार को बड़ी धूम-धाम के साथ शादी रचाई जा रही थी। तभी प्यार की आग में जल रही प्रेमिका ने अपने प्रेमी के शादी के मंडप में मिट्टी का तेल छिड़कर आग लगा दी। युवती को गुस्सा इससे भी शांत नहीं हुआ तो उसने पार्किंग में खड़ी टू व्हीलर को भी आग लगा दी। जब तक लोग कुछ समझ पाते सब जलकर खाक हो चुका था।
मंडप में आग लगाने वाली युवती का नाम सुषमा (36) है और वह पहले से शादीशुदा है। उसके पति ने उसको छोड़ दिया था। उसके बाद उसे दीपक (33) से प्यार हो गया। सुषमा ने दीपक को टू व्हीलर गिफ्ट किया था। दोनों ने शुरु में एक दूसरे के साथ जीवन बिताने की कसमें खाई थी। लेकिन इसी बीच दीपक ने दूसरी लड़की से शादी करने का मन बना लिया। जब सुषमा को पता चला कि दीपक किसी और से शादी करने जा रहा है तो उसने उसको सबक सिखाने की ठानी। बताया जा रहा है कि दीपक ने सुषमा को भी शादी में बुलाया था। अपने प्यार को किसी और का होते देख सुषमा को बर्दाश्त नहीं हुआ और वो बेवफाई की आग में जलते हुए उसने शादी की मंडप में भी आग लगा दी। साथ ही उसने गिफ्ट में दी हुई टू व्हीलर में भी आग लगा दी।
गुरुवार को पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया जिसने बाद में दोनों जुर्म करने की बात मान ली। महिला को 20 मई तक पुलिस रिमांड में भेजा गया है। उसने दावा किया कि उसका पिछले 6 साल से उस लड़के से अफेयर था और उसने शादी का वादा किया था। उसने कहा कि उसके प्रेमी बिना उसे बताए किसी और से शादी करने का फैसला कर लिया।
महिला ने बताया कि दीपक ने उसे अपनी शादी में बुलाया था। महिला का कहना है कि उसने शादी कर रही लड़की के परिवार को सारी कहानी बता दी लेकिन फिर भी बात नहीं बनी और फिर उसने यह फैसला लिया। वहीं पुलिस ने बताया कि 36 साल कि महिला ने अपने 33 साल के प्रेमी की गाड़ी में आग लगा दी थी जिसके बाद लड़के ने एफआईआर दर्ज कराई थी। इंस्पेक्टर विजयसिंह गायकवाड़ ने बताया, ‘जांच जारी थी उसी बीच बुधवार को लड़के की ओर से एक और शिकायत आई कि किसी ने उसकी शादी के एक दिन पहले पंडाल में आग लगा दी है।’