प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रियों को सोशल मीडिया पर लोगों से जुड़ने की सलाह दी थी। जिसके बाद से मोदी सरकार के अधिकतर मंत्री सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं और लोगों से सीधे जुड़कर उनकी समस्या का समाधान करने की कोशिश करते हैं। हालांकि इस बीच मोदी के एक मंत्री द्वारा ट्विटर पर किए गए ट्वीट में गलती हो गई। इस गलती को एक सोशल मीडिया पर यूजर ने पकड़ लिया। केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू के ट्विटर अकाउंट से किए गए ट्वीट में गोपाल कृष्ण गोखले की जंयती पर बधाई दी गई थी। लेकिन पोस्ट में गोखले की जगह बाल गंगाधर तिलक का फोटो लगा था। बाद में इस ट्वीट को डिलीट कर दिया गया, लेकिन इससे पहले कृतिका द्विवेदी नाम की ट्विटर यूजर ने इस गलती को पकड़ लिया और इसका स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हुए गलती की ओर ध्यान दिलाया। यह गलती नायडू की सोशल मीडिया टीम द्वारा की गई है।
9 मई को महान नेता,समाज सुधारक एवं विचारक गोपाल कृष्ण गोखले की जयंती है। इसे लेकर देश के निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने ट्वीट किया। इसके जवाब में एक यूजर कृतिका द्विवेदी ने एक ट्वीट करते हुए उनकी गलती के बारे में ध्यान दिलाया। गलती की ओर ध्यान दिलाते हुए उन्होंने लिखा- “जाहिर तौर वेंकैया नायडू सर के द्वारा किया गया यह ट्वीट उनकी सोशल मीडिया टीम द्वारा किया गया होगा लेकिन यह एक बेहद गैर-जिम्मेदाराना है। इसके लिए विशेषज्ञ की नियुक्ति की जानी चाहिए।” यूजर ने इस गलती की ओर इंगित करते हुए वेंकैया नायडू के ट्वीट पर बताया- गोखले की जगह बाल गंगाधर तिलक की तस्वीर इस्तेमाल की गई है। आपको एक बेहतर सोशल मीडिया टीम रखने की जरुरत है। नायडू के इस ट्वीट को हटा दिया गया है।
भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी रहे गोपाल कृष्ण गोखले महान स्वतंत्रता सेनानी होने के साथ ही एक मंझे हुए राजनीतिज्ञ भी थे। गोपाल कृष्ण गोखले का जन्म 9 मई 1866 को महाराष्ट्र के कोहट में हुआ था। शिक्षा के प्रति उनका झुकाव शुरू से था जिसके चलते उन्होंने भारतीय शिक्षा को विस्तार देने के लिए सर्वेंट्स ऑफ इंडिया सोसाइटी की स्थापना की। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी ने अपनी आत्मकथा में गोपाल कृष्ण गोखले को अपना राजनीतिक गुरु बताया था।