Friday, July 26, 2024
featuredउत्तर प्रदेशदेश

शादी में मांसाहारी भोजन न मिलने से दूल्हा नाराज, दूल्हन की दूसरी व्यक्ति से हुई शादी

SI News Today

उत्तर प्रदेश में अवैध बूचडखानों पर प्रतिबंध का असर यहां एक शादी में दिखा और दूल्हे ने यह देखकर शादी से इंकार कर दिया कि खाने में सिर्फ शाकाहारी व्यंजन ही परोसे जा रहे थे। पंचायत अधिकारियों ने बताया कि यह घटना कल कुल्हेड़ी गांव में हुई और मांसाहारी भोजन नहीं परोसे जाने पर बारात नाराज हो गई। दुल्हन के परिवार ने उन्हें मनाने का प्रयास किया और कहा कि बाजार में मांस की कमी के कारण वे मांसाहारी भोजन नहीं परोस सके।
इस विवाद के हल के लिए तुरंत ही पंचायत की बैठक हुई लेकिन अंत में दुल्हन ने उस व्यक्ति से शादी करने से इंकार कर दिया। हालांकि दुल्हन के परिवार के लिए इस पूरे घटनाक्रम का अंत सुखद रहा और शादी के मौके पर आए एक अतिथि ने दुल्हन से शादी करने का प्रस्ताव दिया जिसे महिला ने स्वीकार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि पंचायत ने इस शादी के लिए सहमति दे दी। उल्लेखनीय है कि अवैध बूचड़खानों पर रोक के बाद उत्तर प्रदेश में भैंस के मांस की कीमतें काफी बढ़ गई हैं और यह 400 रूपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है जो पहले 150 रूपए प्रति किलोग्राम थी। उधर मटन की कीमत भी 350 रूपए प्रति किलोग्राम से बढ़कर 600 रूपए प्रति किलोग्राम हो गई है।
चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा नेताओं ने यूपी में अवैध बुचड़खानों का मुद्दा उठाया था। भाजपा ने कथित तौर पर गायों को कत्ल करने के मुद्दे को लेकर निशाना साधा था। हालांकि, इसके सबूत नहीं है, लेकिन भाजपा नेताओं का कहना है कि गायों को कई जगह पर कथित तौर पर कत्ल किया जा रहा है। पार्टी ने चुनावी घोषणा पत्र में यूपी में बुचड़खाने बंद करने का वादा किया था। योगी आदित्यनाथ भी बुचड़खाने बंद करने को लेकर अपनी आवाज उठाते रहे हैं।

SI News Today

Leave a Reply