Sunday, May 19, 2024
featuredदेश

कामी रीता ने 21वीं बार माउंट एवरेस्ट फतह कर रच दिया इतिहास

SI News Today

नेपाल के कामी रीता ने विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को 21 बार फतह कर इतिहास रच दिया है। वह ऐसा करने वाले तीसरे शख्स बन गए हैं। कामी ने शनिवार सुबह दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचकर एक नया कीर्तिमान बनाया। नेपाल के सांस्कृतिक, पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी ज्ञानेंद्र श्रेष्ठ ने समाचार एजेंसी सिन्हुआ से इसकी पुष्टि की कि कामी रीता ने शनिवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 8.15 बजे माउंट एवरेस्ट की चोटी फतह की।

अभियान का आयोजन करने वाली कंपनी सांगरी-ला नेपाल ट्रेक के मुताबिक, कामी रीता पांच अन्य नेपाली नागरिकों और छह विदेशी नागरिकों के साथ माउंट एवरेस्ट के शिखर पर पहुंचे। सांगरी-ला नेपाल ट्रेक के प्रबंध निदेशक जीबान घिमिरे ने सिन्हुआ को बताया कि कंपनी में काम करने वाले कामी रीता ने 21 बार माउंट एवरेस्ट की चोटी फतह कर हमारी कंपनी और देश का नाम रोशन किया है।

नेपाल के सोलुखुंबू जिले के थामे गांव के कामी रीता अनुभवी पर्वतारोही हैं। वह K2, चो-ओयु, ल्होस्ते तथा अन्नपूर्णा सहित 8,000 मीटर से अधिक की ऊंचाई वाली अधिकांश चोटियों पर पहले ही चढ़ाई कर चुके हैं। श्रेष्ठ के मुताबिक, इस साल अब तक विश्व भर के 300 से अधिक पर्वतारोही माउंट एवरेस्ट की चोटी पर पहुंच चुके हैं।

बता दें कि बीते हफ्ते अरुणाचल प्रदेश की निवासी अंशु जामसेन्पा ने रिकॉर्ड पांचवीं बार दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की थी। भारत की महिला पर्वतारोही अंशु ने रविवार सुबह 7.45 पर माउंट एवरेस्ट की चढ़ाई पूरी कर तिरंगा लहराया। वह ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला पर्वतारोही बनी।

SI News Today

Leave a Reply