भाजपा युवा मोर्चा ने हवाला कारोबार करने व बेनामी संपत्ति रखने के मामले में दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन की बर्खास्तगी की मांग की है। इसको लेकर कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। भाजयुमो ने अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता सिविल लाइन स्थित ट्रॉमा सेंटर पर एकत्र हुए और वहां से दिल्ली सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री आवास तक पहुंच गए। जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया।
प्रदर्शन को उग्र होता देख दिल्ली पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और पानी की बौछारों से कार्यकर्ताओं को तितर-बितर कर उन्हें हिरासत में ले लिया। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
इस मौके पर युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि आप सरकार पारदर्शी व भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने के वादे के साथ सत्ता में आई थी। लेकिन दो वर्ष बाद ही भ्रष्ट व असंवेदनशील सरकार दिल्ली की जनता को मिली। देश का युवा चाहता है कि केजरीवाल अपने भ्रष्ट मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ कार्रवाई करें।