Friday, March 28, 2025
featuredदुनियादेश

इस हफ्ते वीके सिंह दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर, करेंगे 2 परियोजनाओं का शुभारंभ

SI News Today

विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह इस हफ्ते दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान भारत पोषित दो कल्याण योजनाओं का शुभारंभ करेंगे। सिंह 7 से 10 अप्रैल तक दक्षिण अफ्रीका के आधिकारिक दौरे पर जाएंगे। शनिवार को वे डरबन में भारत पोषित दो परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

इन परियोजनाओं की घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थानीय समुदाय के कल्याण के लिए बीते वर्ष जुलाई में की थी। एक गैर सरकारी संगठन अबालिंदी में एक रसोई, डाइनिंग हॉल के निर्माण के लिए भारत सरकार ने दस लाख रैंड का अनुदान दिया था। ये संगठन गरीबों, बुजुर्गों, गंभीर रूप से बीमार लोगों, एड्स या एचआईवी पीडि़तों के लिए काम करता है।

इसमें गरीब बच्चों के लिए झूलाघर, अनाथालय और युवाओं के लिए कौशल विकास केंद्र भी है। इनान्दा में परियोजना पूरी हो चुकी है और सामुदायिक इस्तेमाल के लिए आधिकारिक तौर पर खोली जाएगी। यह उस स्थान के नजदीक है जहां महात्मा गांधी ने फिनिक्स सैटलमेंट स्थापित किया था जहां से वह सामुदायिक परियोजनाओं का संचालन करते थे।

यहीं से उन्होंने भेदभाव के खिलाफ लड़ाई शुरू की थी। इसके बाद गांधी सैटलमेंट के नजदीक वह महात्मा गांधी सेंटर फॉर इन्फर्मेशन टेक्नोलॉजी का उद्घाटन करेंगे। इसके लिए भी भारत सरकार ने दस लाख रैंड दिए थे। इसके एक दिन बाद सिंह जोहानिसबर्ग में सत्याग्रह हाउस का दौरा करेंगे जहां वकील के तौर पर गांधी रहते थे।

SI News Today

Leave a Reply