Sunday, May 19, 2024
featuredदुनियादेश

इरोम शर्मिला जल्द ही करेंगी ब्रिटिश नागरिक डेसमंड कूटिन्हो से शादी

SI News Today

मणिपुर से सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम हटाने के लिए 16 साल तक अनशन पर रहीं इरोम शर्मिला की शादी जल्द ही होने जा रही है। इरोम एक ब्रिटिश नागरिक से शादी करेंगी। बीते बुधवार (12 जुलाई) को उन्होंने अपनी शादी के लिए सभी जरूरी कागजात कोडैकानल में सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में जमा कराए हैं। इरोम की शादी डेसमंड कूटिन्हो नाम के एक ब्रिटिश नागरिक होने जा रही हैं। द हिंदू की खबर के मुताबिक इरोम ने रजिस्ट्रार ऑफिस में अपनी शादी की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए दफ्तर में लगभघ 2 घंटे बिताए। हालांकि इरोम और डेसमंड को शादी के लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है।

खबर के मुताबिक सब रजिस्ट्रार राजेश ने बताया कि वह उन्हें तुरंत शादी की इजाजत नहीं दे सकते। इसकी वजह उन्होंने अंतर-धार्मिक विवाह को बताया। राजेश ने बताया कि कानूनी तौर पर अंतर-धार्मिक विवाह हिंदू मैरिज ऐक्ट के तहत नहीं हो सकता। शादी के लिए दोनों को स्पेशल मैरिज ऐक्ट के तहत रजिस्ट्रेशन कराना होगा जिसमें 30 दिन तक का समय लग सकता है। वहीं खबर के मुताबिक शादी की रजिस्ट्रेशन की तारीख के बारे में पुलिस ने भी जानकारी मांगी है। पुलिस इरोम को लंबे समय से मॉनिटर करती आ रही है।

गौरतलब है इरोम की छवि दुनियाभर में एक चर्चित मानवाधिकार कार्यकर्ता की है। इंफाल की रहने वाली इरोम शर्मिला चार नवंबर, 2000 को सुर्खियों में आई थीं। इसी दिन उन्होंने राज्य में लागू सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम, 1958 (अफ्सपा) को हटाने की मांग करते हुए आमरण अनशन शुरू किया था जो 16 साल चला था। इरोम को मणिपुर की आयरन लेडी’ के खिताब से भी जाना जाता है। दक्षिण कोरिया ने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है। वहीं 2017 के मणिपुर विधानसभा चुनाव के नतीजे इरोम शर्मिला के लिए किसी बड़े सदमे से कम नहीं साबित हुए। उन्हें महज 90 वोट मिले जिस पर उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा था, “थैंक्स फॉर 90 वोट्स”। वहीं उन्होंने फरवरी 2017 में ही शादी करने की ख्वाहिश जाहिर की थी जो अब जल्द ही पूरी होने जा रही है।

SI News Today

Leave a Reply