कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कथित साधू के लिंग को काटने वाली घटना पर बयान दिया। थरूर ने कहा कि लड़की को ऐसा करने की जगह पुलिस में जाना चाहिए था। शशि थरूर ने कहा, ‘ऐसी घटनाओं के बारे में सुनकर संतुष्टि मिलती है लेकिन लड़की को कानून को अपने हाथ में लेने की जगह पुलिस के पास जाना चाहिए था।’ लड़की का जिक्र करते हुए थरूर ने कहा कि बाकी लोगों की तरह मुझे उस लड़की से हमदर्दी है लेकिन हमें ऐसे समाज की जरूरत है जिसमें न्याय निकलकर सामने आए, ऐसा नहीं जिसमें हर कोई अपने हाथ में चाकू लेकर निकल पड़े।
क्या है मामला: शुक्रवार (20 मई) को एक 23 साल की लड़की ने एक कथित साधू का लिंग काट दिया था। खबरों के मुताबिक, वह साधू पिछले आठ सालों से लड़की का बलात्कार कर रहा था। जिस स्वामी का लिंग काटा गया उसका नाम स्वामी ज्ञानेशनंद है। वह केरल में कोल्लम के एक पनमाना आश्रम से जुड़ा हुआ है। लड़की ने बताया था कि 16 साल की उम्र में पहली बार उसका बलात्कार किया गया था।
शुरुआत में स्वामी ने लड़की द्वारा लिंग काटने की बात को नकार दिया था। उसने कहा कि उसका लिंग किसी काम का नहीं रहा था जिसके चलते उसने खुद ही उसे काट दिया था। हालांकि, बाद में उसने फिर बयान बदला। उसने कहा कि एक लड़की से उसने पैर दबाने के लिए कहा था और उस लड़की ने पैर दबाने के दौरान उसका लिंग काट दिया था। डॉक्टरों ने बताया था कि स्वामी के लिंग का 90 प्रतिशत हिस्सा काटा जा चुका है जिसको दोबारा नहीं जोड़ा जा सकता।