Thursday, March 28, 2024
featuredदेश

सेक्स रैकेट चलाने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार

SI News Today

हैदराबाद पुलिस ने स्पेशल ऑपरेशन चलाकर दो अलग-अलग मामलों में ऑनलाइन सेक्स रैकेट चलाने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पहला मामला मलकजगिरी का है जहां पर पुलिस ने चार लोगों की गिरफ्तारी की और इनके पास से तीन लड़कियों को भी छुड़वाया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पुलिस ने एक बाइक, बांग्लादेश का पासपोर्ट, जाली आधार कार्ड, सात मोबाइल फोन और करीब पांच हजार रुपए बरामद किए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान 50 वर्षीय कम्मारा रामालिंगा के रूप में की, जो कि फरार है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी रामालिंगा कुरनौल जिले का रहने वाला है और यहां वह कुकटपल्ली में रहता था।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अख्तर शबाना (24), कम्मारा मधु (23), पोथूलुरी रमेश (27), और बोना मुन्नी (27) के रूप में हुई है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि रामालिंगा के देश के अन्य राज्यों में कई सेक्स रैकेट व्यापारियों के साथ संपर्क थे, जिसके कारण वह आसानी से हर जगह से देह व्यापार के धंधे में डालने के लिए लड़कियां खरीदता था। रमेश और मुन्नी लड़कियों को ग्राहकों के पास लेकर जाते थे और उनसे काफी मोटा पैसा वसूलते थे। अख्तर शबाना बंगलादेश की रहने वाली है। शबाना ने पुलिस को बताया कि वह काफी समय पहले भारत आई थी और यहां भोपाल में रह रही थी। उसके पास से पुलिस ने फर्जी वोटर और आधार कार्ड बरामद किया है। इन कार्ड पर उसका नाम नंदिनी शेख दिया हुआ है। आरोपियों ने बताया कि उनका गैंग लड़कियों की अश्लील वीडियो बनाकर फोन नंबर के साथ पोर्न वेबसाइट पर डाल दिया करता था।

वहीं दूसरा मामला उप्पल का है जहां पर पुलिस ने निगानी प्रवीन कुमार नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी संजय मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। संजय का कई राज्यों में 6 देह व्यापार चलाने वाले लोगों के साथ संपर्क था। वे लड़कियों का 50 हजार से लेकर एक लाख रुपए तक में सौदा करते और एक बार सौदा हो जाता तो वे लड़कियों को अपने गैंग के साथी के साथ फ्लाइट या ट्रेन के जरिए ग्राहक तक पहुंचाते। आरोपी सारे सौदे ऑनलाइन करते थे। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि उनके चंगुल में फंसी अन्य लड़कियों को भी छुड़वाया जा सके।

SI News Today

Leave a Reply