Tuesday, April 30, 2024
featuredदेश

27 चेहरों को ही मंत्रिमंडल में शामिल करेंगे नीतीश कुमार

SI News Today

दो दिन पुरानी नीतीश सरकार का आज (29 जुलाई को) विस्तार होने जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि शनिवार शाम पांच बजे सिर्फ 27 चेहरों को ही नीतीश कुमार अपने मंत्रिमंडल में शामिल करेंगे। इससे पहले खबरें आई थीं कि 33 लोगों को मंत्री बनाया जाएगा। आज के मंत्रिमंडल विस्तार में एनडीए के सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) और एक विधायक वाली पार्टी हिंदुतानी अवाम मोर्चा (हम) का कोई भी विधायक मंत्रिमंडल में शामिल नहीं होगा। जबकि लोजपा की तरफ से रामविलास पासवान के भाई पशुपति नाथ पारस मंत्री बनाए जाएंगे। सभी मंत्रियों को राजभवन में राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। मंत्रियों के नामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके लिए मुख्यमंत्री आवास में बैठकों का दौर जारी है।

सूत्रों के अनुसार, शनिवार को 27 मंत्री नीतीश मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं। इनमें सरकार में शामिल जनता दल (युनाइटेड) के अलावा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के नेता शामिल होंगे। फिलहाल जदयू कोटे से 14 जबकि बीजेपी से 12 और लोजपा से एक कुल 27 मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। चर्चा इस बात की भी है कि मंत्रिमंडल में अधिकांश चेहरे युवा होंगे। जदयू कोटे से दो नए मंत्री बनाए जाने की भी चर्चा है। इनमें दिनेश चंद्र यादव और रामजी ऋषिदेव का नाम शामिल है। वैसे चर्चा है कि एनडीए-1 सरकार की तर्ज पर नीतीश कुमार का मंत्रिमंडल कुल 35 सदस्यों का होगा। यानी बाद में भी विस्तार की गुंजाइश रखी गई है।

जदयू कोटे से संभावित मंत्रियों के नाम: ललन सिंह, श्रवण कुमार, विजेन्द्र प्रसाद यादव, जय कुमार सिंह, मदन सहनी, पी के शाही, नीरज कुमार, दिनेशचंद्र यादव, रामजी ऋषिदेव, खुर्शीद आलम, महेश्वर हजारी, संतोष कुमार निराला, शैलेश कुमार, कपिलदेव कामत, कृष्णनंदन वर्मा, गुलाम बलियावी के नाम सामने आ रहे हैं।

बीजेपी कोटे से संभावित मंत्रियों के नाम: नंद किशोर यादव, प्रेम कुमार, मंगल पाण्डेय, रामनारायण मंडल, अरुण सिन्हा, नितिन नवीन, नीरज बबलू, ज्ञानेन्द्र सिंह ज्ञानू, अनिल सिंह, रजनीश सिंह,  सुरेश बिनोद नारायण झा, ब्रजकिशोर बिंद, विजय कुमार सिन्हा, कृष्ण कुमार ऋषि, राणा रंधीर सिंह। साथ ही चर्चा यह भी है कि एलजेपी कोटे से रामविलास पासवान के भाई पशुपति नाथ पारस को मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। पारस फिलहाल किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं।

उल्लेखनीय है कि महागठबंधन में विवाद के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर महागठबंधन तोड़ने की घोषणा कर दी थी। इसके अगले दिन नीतीश ने भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के समर्थन से छठी बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शुक्रवार को बिहार में राजग की नई सरकार ने विधानसभा में बहुमत हासिल किया था।

SI News Today

Leave a Reply